साल्हेघोरी में हर घर डायरिया का मरीज, 2 की मौत
पेंड्रा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के दूरस्थ वनांचल गांव साल्हेघोरी में डायरिया फैला हुआ है. डायरिया की चपेट में पूरा गांव है. हर घर में एक-दो लोग डायरिया से पीड़ित हैं.
बताया जा रहा है कि डायरिया से अब तक 2 लोगों की मौत हो चुकी है. मृतकों में एक 40 साल का रज्जू बैगा और दूसरा 32 वर्षीय राय सिंह गोंड शामिल हैं. वहीं 20 से अधिक लोगों का जिला और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उपचार चल रहा है.
कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी का कहना है कि जानकारी मिलने के बाद से स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव में तैनात किया है. पानी को लेकर शिकायत मिली है. जनपद सीईओ को भी निरीक्षण के लिए भेजा गया था. जरुरत पड़ने पर पीड़ितों का उपचार जिला अस्पताल में कराया जाएगा. हैंडपंप होने के बाद भी लोग ढोड़ी का पानी पीते हैं. सीईओ को कहा गया है कि गांव में साफ पानी के लिए टैंकर की व्यवस्था करें.
साल्हेघोरी गांव में राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले बैगा आदिवासी रहते हैं. इस गांव में कुल 43 घर हैं, जिसमें से 42 घरों में बैगा आदिवासी रहते हैं. जबकि एक परिवार यादव समाज का है.
गांव की जनसंख्या करीब 200 है. जिसमें से 20 से अधिक ग्रामीणों का जिला और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में इलाज चल रहा है. जबकि कुछ अस्पताल से इलाज कराकर वापस आ गए हैं.
गांव वालों का कहना है कि जल जीवन मिशन के तहत लगे नल शो-पीस बनकर रह गए हैं. लोग आज भी ढोड़ी (झरनों) या नदी के पानी से प्यास बुझाने को मजबूर हैं. गांव में न तो साफ पानी है और न ही शौचालय है. स्थिति काफी भयावह है. हर रोज उल्टी दस्त के मरीज निकल रहे हैं.
ग्रामीणों की माने तो पास के गांव गुम्माटोला के रहने वाले चार युवक छिंदपानी गांव के पास स्थित मंदिर दर्शन करने आए थे.
वापसी में वे लोग यहां रुके और यहां का पानी पी लिया. जिसके चलते वे लोग भी उल्टी-दस्त का शिकार हो गए.
इनमें से एक युवक राय सिंह गोंड़ की मौत हो गई. जबकि उसके दो दोस्त वेद सिंह और रुद्र प्रसाद मांझी का इलाज अभी भी जिला अस्पताल में जारी है.
इधर प्रशासन का कहना है कि गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम शिविर लगाकर पीड़ितों की जांच कर उपचार कर रही है. स्थिति नियंत्रण में है. लेकिन इन सब के बीच दो व्यक्तियों की मौत प्रशासन के दावों की पोल खोल कर रख दी है.