अत्यधिक शैक्षणिक बोझ, प्लेसमेंट के तनाव छात्र सुसाइड का कारण- NTF
नई दिल्ली । डेस्क: देश के उच्च शिक्षण संस्थानों में बढ़ते छात्र सुसाइड के मामलों पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित नेशनल टास्क फोर्स ने अपनी चौंकाने वाली रिपोर्ट पेश की है. रिटायर्ड जस्टिस रवींद्र भट्ट की अध्यक्षता वाली इस टास्क फोर्स ने देशभर के लगभग 12.8 लाख छात्रों और लाखों अभिभावकों व शिक्षकों के बीच किए गए सर्वे के बाद शैक्षणिक दबाव और संस्थानों की विफलता को मानसिक स्वास्थ्य संकट का मुख्य कारण बताया है.
रिपोर्ट के अनुसार, 15-29 वर्ष के आयु वर्ग में आत्महत्या पुरुषों के लिए मौत का दूसरा और महिलाओं के लिए सबसे बड़ा कारण बनकर उभरी है. आंकड़ों की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अकेले आईआईटी में पिछले 30 महीनों में 40 छात्रों ने अपनी जान दी है.
टास्क फोर्स ने अपनी जांच में पाया कि संस्थानों में एससी, एसटी, ओबीसी, दिव्यांग और ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्रों को भेदभाव और आत्मविश्वास की कमी का सामना करना पड़ता है.
हालांकि नियमों के तहत इन भेदभावों को रोकने के लिए 'इक्वल अपॉर्चुनिटी सेल' और 'इंटरनल कंप्लेंट कमेटी' जैसे तंत्र अनिवार्य हैं, लेकिन रिपोर्ट में इन्हें केवल कागजी या दिखावा मात्र बताया गया है. कई संस्थानों में ये समितियां स्वतंत्र रूप से काम नहीं करतीं और अक्सर रसूखदार दोषियों का ही पक्ष लेती हैं, जिससे पीड़ित छात्र शिकायत करने से डरते हैं.
इसके अलावा, रैगिंग जैसी कुप्रथाएं आज भी 'दोस्ताना परिचय' के नाम पर जारी हैं, जिन पर प्रशासन अक्सर आंखें मूंद लेता है.
छात्रों ने सर्वे में अत्यधिक शैक्षणिक बोझ, फैकल्टी की कमी, सख्त अटेंडेंस पॉलिसी और प्लेसमेंट के तनाव को अपनी मानसिक प्रताड़ना का आधार बताया है. विशेषकर पीएचडी और तकनीकी संस्थानों में शोध का दबाव और सुपरवाइजरों के साथ खराब संबंध स्थिति को और गंभीर बना रहे हैं.
चौंकाने वाली बात यह है कि 65 प्रतिशत संस्थानों में कैंपस के भीतर मानसिक स्वास्थ्य सहायता की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है.
इस रिपोर्ट पर कड़ा रुख अपनाते हुए सुप्रीम कोर्ट ने 15 जनवरी को स्पष्ट किया कि छात्रों को सुरक्षित और समावेशी माहौल देना संस्थानों की संवैधानिक जिम्मेदारी है. अदालत ने टास्क फोर्स का कार्यकाल 30 जून तक बढ़ाते हुए उसे मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं और वेल-बीइंग ऑडिट के लिए मॉडल एसओपी तैयार करने का निर्देश दिया है.