छत्तीसगढ़ से पलायन कर गए हजारों आदिवासियों का अस्तित्व संकट में
हैदराबाद । डेस्क: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से करीब दो दशक पहले पलायन करने वाले हजारों आदिवासियों के लिए विस्थापन का दर्द आज एक प्रशासनिक त्रासदी बन चुका है. साल 2005 में छत्तीसगढ़ में फैले सलवा जुडूम और नक्सली संघर्ष की आग से बचकर तेलंगाना और आंध्र प्रदेश की सीमा में शरण लेने वाले करीब 50,000 मुरिया और मारिया गोंड आदिवासी आज अपनी ही ज़मीन पर 'शरणार्थी' का जीवन जी रहे हैं.
इस संकट की सबसे बड़ी वजह एक तकनीकी 'नाम' का फेरबदल है, जिसने छत्तीसगढ़ के इन मूल निवासियों को दूसरे राज्यों में कागज़ों पर 'अस्तित्वहीन' बना दिया है.
दरअसल, छत्तीसगढ़ में जिन्हें 'मुरिया' या 'मारिया गोंड' के रूप में अनुसूचित जनजाति (ST) का दर्जा प्राप्त है, उन्हें पड़ोसी तेलुगु राज्यों में स्थानीय स्तर पर 'गुट्टी कोया' कहा जाता है.
चूंकि तेलंगाना और आंध्र प्रदेश की आधिकारिक एसटी सूची में 'गुट्टी कोया' नाम को 'कोया' या 'गोंड' के पर्यायवाची के रूप में शामिल नहीं किया गया है, इसलिए वहां का प्रशासन इन्हें जनजाति का दर्जा देने से इनकार कर रहा है.
सर्वोच्च न्यायालय के 'मरी चंद्र शेखर राव' मामले के फैसले के अनुसार, एसटी दर्जा राज्य-विशिष्ट है और इसके लिए 1950 से पहले की निवासी होने की शर्त अनिवार्य है, जिसे संघर्ष की वजह से भागे छत्तीसगढ़ के ये आदिवासी पूरा नहीं कर पाते.
इसका सबसे घातक असर उनकी नई पीढ़ी और भूमि अधिकारों पर पड़ रहा है. छत्तीसगढ़ के इन विस्थापितों के पास आज आधार और वोटर आईडी तो है, लेकिन जाति प्रमाणपत्र न होने से वे शिक्षा और नौकरियों में आरक्षण से वंचित हैं.
वन अधिकार कानून (FRA) के तहत छत्तीसगढ़ी आदिवासियों को वहां 'बाहरी' माना जा रहा है, जिससे वे अपनी खेती की जमीन पर भी अतिक्रमणकारी कहलाते हैं.
हालांकि नई पीढ़ी अब तेलुगु बोलती है और बस्तर से उनका संपर्क टूट चुका है, लेकिन तकनीकी पहचान का यह शून्य उन्हें न तो छत्तीसगढ़ का रहने दे रहा है और न ही तेलंगाना या आंध्र प्रदेश का पूर्ण नागरिक बनने दे रहा है.
जानकार मानते हैं कि छत्तीसगढ़ सरकार और पड़ोसी राज्यों के बीच समन्वय या विशेष कार्यकारी आदेश ही इन विस्थापितों को उनका खोया हुआ सम्मान वापस दिला सकते हैं.