छत्तीसगढ़ के बीजापुर में IED लगाते समय महिला नक्सली घायल
बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शनिवार को आईईडी (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) लगाते समय हुए विस्फोट में एक महिला नक्सली घायल हो गई. पुलिस न बताया कि गुज्जा सोढ़ी नामक महिला नक्सली को सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने बांदेपारा के जंगल में घायल अवस्था में पाया.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सोढ़ी अपने साथियों के साथ सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए आईईडी लगा रही थी, तभी धमाका हो गया और वह घायल हो गई. उसके साथियों ने उसका हथियार (12 बोर बंदूक) लेकर मौके से फरार हो गए.
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल नक्सली को प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल ले जाया गया. सोढ़ी पिछले छह से सात सालों से माड़ेड एरिया कमेटी में सक्रिय रही है और स्थानीय कमांडर कन्ना बुच्चना के साथ काम करती रही है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सली संगठन अपने घायल या बीमार साथियों को अक्सर बेसहारा छोड़ देता है, जिससे उनकी मौत जंगलों में हो जाती है. उन्होंने कहा, “इस संगठन में न तो इंसानियत है और न ही सहानुभूति.”
इस घटना की जांच जारी है. इस बीच, राज्य में सुरक्षाबलों ने नक्सल-विरोधी अभियान तेज कर दिया है और जनवरी पिछले साल से अब तक बस्तर क्षेत्र में 450 से अधिक नक्सलियों को मुठभेड़ों में ढेर किया जा चुका है.
(फोटो-प्रतीकात्मक)