पशु वध से पहले 'फिट सर्टिफिकेट': महुआ मोइत्रा पहुंचीं कलकत्ता हाई कोर्ट
कोलकाता । डेस्क: तृणमूल कांग्रेस की लोकसभा सांसद महुआ मोइत्रा ने पश्चिम बंगाल सरकार के 13 मई के एक नोटिस को कलकत्ता हाई कोर्ट में चुनौती दी है. विधायक अखरुज्जमा के माध्यम से दायर इस याचिका में आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) के त्योहार के मद्देनजर 'पश्चिम बंगाल पशु वध नियंत्रण अधिनियम, 1951' की धारा 12 के तहत छूट देने की मांग की गई है.
महुआ मोइत्रा का तर्क है कि सरकार के इस नए नियम से न केवल मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं प्रभावित होंगी, बल्कि पशुपालन और व्यापार से जुड़े ग्रामीणों की आजीविका और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर भी इसका गंभीर आर्थिक असर पड़ेगा.
विवाद की जड़ में राज्य सरकार का वह नोटिस है जिसके तहत अब गाय, बैल, बछड़े और भैंस जैसे पशुओं के वध से पहले 'फिट सर्टिफिकेट' लेना अनिवार्य कर दिया गया है. यह सर्टिफिकेट केवल संबंधित नगरपालिका के अध्यक्ष या पंचायत समिति के अध्यक्ष और एक सरकारी पशु चिकित्सक द्वारा ही जारी किया जा सकता है.
इसके अलावा, नए नियमों के मुताबिक केवल 14 वर्ष से अधिक आयु के या फिर गंभीर बीमारी, चोट या बुढ़ापे के कारण पूरी तरह अक्षम हो चुके पशुओं के वध की ही अनुमति होगी.
याचिकाकर्ताओं का कहना है कि 27 या 28 तारीख को होने वाले बकरीद के त्योहार के लिए अब बहुत कम समय बचा है, इसलिए सरकार को अधिनियम के तहत मिलने वाले अधिकारों का उपयोग कर इस मामले में तुरंत राहत देनी चाहिए.
मुख्य न्यायाधीश सुजय पॉल और न्यायमूर्ति पार्थ सारथी सेन की खंडपीठ के समक्ष इस मामले का उल्लेख किया गया है, जिस पर अदालत गुरुवार सुबह 10:30 बजे पहली सुनवाई करने के लिए सहमत हो गई है.