सुकमा और गढ़चिरौली में पांच माओवादियों मारे गए
सुकमा में मुठभेड़ जारी, एक और माओवादी की मौत
सुकमा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है. यह मुठभेड़ किस्टाराम के जंगल में विगत दो दिनों से जारी है.
इस बीच जवानों ने एक माओवादी को मारने का दावा किया है. फिलहाल दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है. जवान क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन भी चला रहे हैं.
सुकमा एसपी किरण चव्हाण से मिली जानकारी के मुताबिक सुकमा-बीजापुर के सीमावर्ती क्षेत्र में माओवादियों की उपस्थिति की सूचना पर बुधवार से ही कोबरा, डीआरजी, एसटीएफ के जवानों की संयुक्त टीम सर्च अभियान में निकली हुई थी.
इस दौरान गुरुवार को सुबह पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई. दोनों ओर से करीब 2 घंटे तक गोलीबारी चली.
घटनास्थल की सर्चिंग के दौरान एक मोओवादी का शव और हथियार के साथ ही माओवादियों का विस्फोटक सामान और दैनिक सामान भी बरामद हुआ है.
इसके बाद कल शाम करीब छह बजे सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच फिर से मुठभेड़ हुई. दोनों ओर से काफी देर तक फायरिंग हुई.
इस मुठभेड़ में भी एक माओवादी मारा गया है. वहीं जवानों की गोलाबारी से कई माओवादी घायल हुए हैं.
मुठभेड़ स्थल और आस-पास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.
इससे एक दिन पहले सुकमा और बीजापुर जिलों की सीमा पर तुमरेल क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने एक वर्दीधारी माओवादी को मार गिराया था.
जबकि इस मुठभेड़ में कोबरा बटालियन का एक जवान शहीद हो गया था. वहीं अन्य दो जवान घायल हो गए थे.
घायल जवानों का प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर एयरलिफ्ट किया गया.
गढ़चिरौली में चार माओवादी मारे गये
छत्तीसगढ़ महाराष्ट्र की सीमा पर मौजूद गढ़चिरौली में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में चार माओवादियों के मारे जाने की खबर है.
हाल ही में खोले गए एफओबी पुलिस कैम्प कवांडे के पास महाराष्ट्र छत्तीसगढ़ सीमा पर माओवादियों की मौजूदगी के बारे में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर एडिशनल एसपी रमेश और 12 सी60 पार्टियों (300 कमांडो) और सीआरपीएफ की एक टीम के नेतृत्व में गुरुवार दोपहर को कवांडे और नेलगुंडा से इंद्रावती के तट की ओर भारी बारिश के बीच नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया गया था.
पुलिस के अनुसार शुक्रवार की सुबह जब घेराबंदी की जा रही थी और नदी के किनारे तलाशी ली जा रही थी, इसी दौरान माओवादियों ने सी60 कमांडो पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी.
जिसके कारण सुरक्षा बलों ने प्रभावी जवाबी कार्रवाई की, लगभग दो घंटे तक रुक-रुक कर गोलीबारी जारी रही. सुरक्षा बलों द्वारा इलाके की तलाशी में 4 माओवादियों के शव, एक ऑटोमेटिक SLR राइफल, दो 3 नॉट3 राइफल और एक भारमार बंदूक बरामद हुई है.
इसके अलावा, मौके से वॉकी-टॉकी, कैंपिंग सामग्री, नक्सली साहित्य आदि जब्त किए गए हैं. अन्य माओवादियों की तलाश के लिए इलाके में सर्चिंग और माओवाद विरोधी अभियान जारी है.
फिलहाल मारे गए माओवादियों की पहचान नहीं हो पाई है.
सीएम ने जवान को दिया कंधा
शुक्रवार की सुबह मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कोबरा बटालियन के शहीद जवान मेहुल सोलंकी को श्रद्धांजलि दी और पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी.
मुख्यमंत्री आज माना स्थित चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर पहुंचकर शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किए और उन्हें नमन किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद मेहुल की वीरता और देशभक्ति हमेशा याद रखी जाएगी.
उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल पिछले डेढ़ साल से माओवादियों के खिलाफ मजबूती से लड़ रहे हैं. उन्हें विश्वास है कि 31 मार्च 2026 तक इस खतरे को खत्म करने का संकल्प पूरा होगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी. सरकार शहीद परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहयोग करेगी.