उत्तरकाशी में बाढ़, सेना के 9 जवान लापता
नई दिल्ली । डेस्क: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धाराली गांव में मंगलवार दोपहर 1:45 बजे बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई. इस आपदा में गंगोत्री मार्ग पर स्थित धाराली और हर्षिल में कई घर, होटल और सेना का एक शिविर बह गया.
हर्षिल में सेना के शिविर में कम से कम 9 जवान लापता हो गए हैं. इन्डो-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रबंधन बल ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया, जिसमें अब तक 50 लोगों को सुरक्षित निकाला गया और चार शव बरामद किये गये.
प्रशासन को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.
भारी बारिश और कीचड़ के कारण बचाव कार्य में बाधा आ रही है.
भारतीय सेना ने कहा कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और नागरिकों की हरसंभव मदद की जायेगी.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे ‘दुखद’ बताते हुए आपात बैठक बुलाई है.
केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है. भारतीय मौसम विभाग ने बुधवार को भी भारी बारिश का लाल अलर्ट जारी किया है.
चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, हरिद्वार और पिथौरागढ़ में स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद कर दिये गये हैं. प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 01374-222722 और 7310913129 जारी किये हैं.