बिलासपुर में बाढ़ जैसे हालात, सब तरफ पानी-पानी
बिलासपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में करीब 90 साल बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. गुरुवार दोपहर से शुरू हुई लगातार मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर को जलमग्न कर दिया. सड़क और नाले का फर्क मिट गया है, निचले इलाकों में घर डूब गए हैं और कई कॉलोनियां टापू में तब्दील हो गई हैं. सरकंडा और चांटीडीह समेत कई इलाकों से 40 से अधिक लोगों को SDRF ने सुरक्षित बाहर निकाला है.
गुरुवार से हुई बारिश के कारण कई इलाकों में बिजली-पानी बंद है. लोगों को पीने का पानी खरीदना पड़ रहा है. संकट ये है कि अधिकांश इलाकों में बिजली नहीं होने के कारण सेलफोन, कंप्यूटर बंद होने से ऑनलाइन भुगतान की प्रक्रिया भी ठप्प पड़ी हुई है.
पिछले 24 घंटे में जिले में औसतन 74.7 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि सीपत में सबसे ज्यादा 110.2 मिमी वर्षा हुई. दोमुहानी में 10 से अधिक घर पूरी तरह पानी से घिर गए, जहां परिवार रातभर फंसे रहे. वहीं अरपा चेक डैम की नहर टूटने से देवरीखुर्द, मानिकपुर और आसपास के इलाकों में तेजी से पानी भर गया, जिससे कई घर जलमग्न हो गए.
लगातार बारिश से शहर के अधिकांश हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है. कई ट्रांसफॉर्मर पानी में डूब गए, जिससे ब्लैकआउट और पेयजल संकट गहरा गया है. कलेक्टर बंगले में भी पानी भर गया, जहां नगर निगम की टीम जल निकासी में जुटी है. हालात को देखते हुए जिले के स्कूलों में शुक्रवार को अवकाश घोषित कर दिया गया है.
बिलासपुर-मस्तूरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर 4 से 5 फीट तक पानी बहने से आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है. कोटमीसोनार स्थित लीलागर नदी के पुल के ऊपर से भी तेज बहाव होने के कारण इस मार्ग को एहतियातन बंद कर दिया गया है.
भारी बारिश का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है. बिलासपुर स्टेशन और यार्ड में ट्रैक डूबने से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर पांच मेमू ट्रेनें रद्द कर दी हैं, जबकि तीन ट्रेनों का संचालन बदले हुए रूट और आंशिक मार्ग पर किया जा रहा है.
प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने, अनावश्यक यात्रा नहीं करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है. राहत और बचाव दल लगातार प्रभावित इलाकों में अभियान चला रहे हैं.