झीरम घाटी पर विवाद, कांग्रेस ने विकास तिवारी को निलंबित किया
झीरम घाटी पर विवाद, कांग्रेस ने विकास तिवारी को पार्टी निलंबित किया
रायपुर । संवाददाता: झीरम घाटी कांड को लेकर दिए गए एक बयान के बाद कांग्रेस के पूर्व वरिष्ठ प्रवक्ता विकास तिवारी के खिलाफ पार्टी ने सख्त कदम उठाया है. अनुशासनहीनता के आरोप में कांग्रेस नेतृत्व ने उन्हें पार्टी से छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है. इससे पहले ही उन्हें पार्टी प्रवक्ता के पद से हटाया जा चुका था.
मामले की जड़ उस बयान से जुड़ी है, जिसमें विकास तिवारी ने झीरम घाटी घटना के संदर्भ में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मंत्री कवासी लखमा के नार्को टेस्ट की मांग की थी.
इसके साथ ही उन्होंने उस समय छत्तीसगढ़ के भाजपा प्रभारी रहे जेपी नड्डा का भी नार्को टेस्ट कराए जाने की बात कही थी. इस बयान के सामने आने के बाद प्रदेश कांग्रेस में तीखी राजनीतिक प्रतिक्रिया देखने को मिली.
पार्टी ने इस टिप्पणी को संगठनात्मक अनुशासन और आंतरिक मर्यादाओं के विरुद्ध मानते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर तिवारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया था. तिवारी की ओर से नोटिस का जवाब भी दिया गया, लेकिन पार्टी नेतृत्व को उनका स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं लगा.
इसके बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी मलकीत सिंह गेंदू ने औपचारिक आदेश जारी करते हुए विकास तिवारी को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने की घोषणा की. पार्टी सूत्रों का कहना है कि यह निर्णय संगठन में अनुशासन बनाए रखने और सार्वजनिक मंच पर गैर-जिम्मेदाराना बयानों पर रोक लगाने के उद्देश्य से लिया गया है.