भारत-पाक हवाई संघर्ष के बाद JF-17 थंडर की बढ़ी वैश्विक मांग
इस्लामाबाद । डेस्क: नए साल की शुरुआत के साथ ही पाकिस्तान के स्वदेशी लड़ाकू विमान JF-17 थंडर को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है. पाकिस्तान वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ज़हीर अहमद बाबर सिद्दीक़ी और बांग्लादेश वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल हसन महमूद ख़ान के बीच हुई हालिया बैठक के बाद संकेत मिले हैं कि बांग्लादेश अपनी पुरानी वायुसेना क्षमता को मजबूत करने के लिए JF-17 थंडर खरीदने में रुचि दिखा सकता है.
पाकिस्तान की सैन्य मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने कहा कि बैठक में बांग्लादेश वायुसेना के “एजिंग फ्लीट” और एयर डिफेंस रडार सिस्टम के एकीकरण पर सहयोग की चर्चा हुई, साथ ही सुपर मुश्शाक ट्रेनर विमान की त्वरित आपूर्ति का भी वादा किया गया
इसके ठीक एक दिन बाद रॉयटर्स की रिपोर्ट में दावा किया गया कि पाकिस्तान और सऊदी अरब करीब 2 अरब डॉलर के सऊदी ऋण को JF-17 सौदे में बदलने पर बातचीत कर रहे हैं. यह घटनाक्रम दोनों देशों के बीच पिछले साल सितंबर में हुए आपसी रक्षा समझौते के बाद सामने आया है.
इसके अलावा दिसंबर के अंत में लीबिया के एक विद्रोही गुट के साथ 4 अरब डॉलर के कथित रक्षा सौदे की खबरों ने भी JF-17 को सुर्खियों में ला दिया. हालांकि पाकिस्तान की सेना ने इन सौदों की औपचारिक पुष्टि नहीं की है, और बांग्लादेश ने फिलहाल केवल “रुचि” जताई है, लेकिन विशेषज्ञ मानते हैं कि 2025 की घटनाओं ने इस विमान की साख को मजबूती दी है
JF-17 थंडर क्या है और क्यों खास है?
JF-17 थंडर एक हल्का, हर मौसम में काम करने वाला, मल्टी-रोल लड़ाकू विमान है, जिसे पाकिस्तान एयरोनॉटिकल कॉम्प्लेक्स (PAC) और चीन की चेंगदू एयरक्राफ्ट कॉर्पोरेशन ने संयुक्त रूप से विकसित किया है. 1990 के दशक के अंत में शुरू हुई इस परियोजना का उद्देश्य पाकिस्तान की पुरानी मिराज और J-7 जैसी विमानों की जगह लेना था. इसका सबसे उन्नत संस्करण ब्लॉक-3 2020 में सेवा में शामिल हुआ, जिसे 4.5 पीढ़ी का लड़ाकू विमान माना जाता है. इसमें AESA रडार, आधुनिक एवियोनिक्स, इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर सिस्टम और बियॉन्ड-विजुअल-रेंज मिसाइल दागने की क्षमता है
पाकिस्तान वायुसेना के अनुसार, JF-17 मध्यम और निम्न ऊंचाई पर उच्च फुर्ती, मारक क्षमता और टिकाऊपन का संतुलन प्रदान करता है. इसकी कीमत अनुमानित तौर पर 25 से 30 मिलियन डॉलर प्रति विमान है, जो इसे राफेल या ग्रिपेन जैसे महंगे पश्चिमी विमानों की तुलना में किफायती विकल्प बनाती है
कौन-कौन से देश खरीद चुके हैं?
अब तक म्यांमार, नाइजीरिया और अज़रबैजान JF-17 को अपनी वायुसेना में शामिल कर चुके हैं. म्यांमार ने 2015 में कम से कम 16 विमान ऑर्डर किए थे, जबकि नाइजीरिया ने 2021 में तीन विमान शामिल किए. फरवरी 2024 में अज़रबैजान ने 1.5 अरब डॉलर से अधिक का सौदा कर 16 विमान खरीदे, जिनमें से पांच को 2025 में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया गया
इसके अलावा इराक, श्रीलंका और सऊदी अरब जैसे देशों ने भी बीते दशक में रुचि दिखाई, हालांकि सौदे आगे नहीं बढ़ सके.
भारत-पाक संघर्ष का प्रभाव
विशेषज्ञों के मुताबिक, मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए चार दिवसीय हवाई संघर्ष ने भी JF-17 की मांग को अप्रत्यक्ष रूप से बढ़ाया. इस दौरान पाकिस्तान ने दावा किया कि उसने भारतीय वायुसेना के कई लड़ाकू विमानों को मार गिराया, जिनमें राफेल जैसे आधुनिक जेट भी शामिल थे. हालांकि इन दावों पर विवाद रहा, लेकिन पाकिस्तान वायुसेना के प्रदर्शन ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में उसके विमानों की विश्वसनीयता को बल दिया
क्यों बढ़ रही है दिलचस्पी?
रक्षा विश्लेषकों का मानना है कि JF-17 की लोकप्रियता उसकी “कॉस्ट-इफेक्टिवनेस”, कम रखरखाव लागत, लचीली हथियार प्रणाली और अपेक्षाकृत कम राजनीतिक शर्तों के कारण बढ़ रही है. जहां पश्चिमी देशों के हथियार सौदों में कड़े नियम और प्रतिबंध जुड़े होते हैं, वहीं पाकिस्तान-चीन सहयोग से बने इस विमान में ऐसे बंधन कम हैं. हालांकि विशेषज्ञ यह भी चेतावनी देते हैं कि लड़ाकू विमान की खरीद लंबी प्रक्रिया होती है और रुचि से लेकर अंतिम सौदे तक वर्षों लग सकते हैं
कुल मिलाकर, पाकिस्तान JF-17 थंडर को एक “कॉम्बैट-प्रूवन” और किफायती विकल्प के रूप में पेश कर रहा है. बदलते भू-राजनीतिक समीकरणों और रक्षा बजट की सीमाओं के बीच यह विमान उन देशों के लिए आकर्षक बनता जा रहा है, जो अपनी वायुसेना को आधुनिक बनाना चाहते हैं लेकिन महंगे विकल्पों से बचना चाहते हैं.