ग्रीनलैंड में फ्रांस-जर्मनी ने भेजे सैनिक
ग्रीनलैंड में फ्रांस-जर्मनी ने भेजे सैनिक, NATO सहयोगियों के बीच अभूतपूर्व तनाव
ग्रीनलैंड । डेस्क: ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आक्रामक बयानबाज़ी के बाद यूरोपीय देशों में गहरी चिंता देखी जा रही है. फ्रांस, जर्मनी, नॉर्वे और स्वीडन ने आर्कटिक क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से ग्रीनलैंड में अपने सैनिक भेजने शुरू कर दिए हैं. यह कदम डेनमार्क, ग्रीनलैंड और अमेरिका के बीच हुई हालिया वार्ता में वॉशिंगटन और उसके यूरोपीय सहयोगियों के बीच “मौलिक मतभेद” उजागर होने के बाद उठाया गया है.
फ्रांस ने अपने पर्वतीय इन्फैंट्री यूनिट के 15 सैनिक ग्रीनलैंड की राजधानी नूक भेजे हैं, जबकि जर्मनी ने 13 सैनिकों की एक टोही टीम तैनात की है. फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि यह दो-दिवसीय मिशन यह दिखाने के लिए है कि यूरोपीय संघ की सेनाएं जरूरत पड़ने पर तेजी से तैनात हो सकती हैं. इस मिशन के तहत ग्रीनलैंड में यूरोपीय संघ का झंडा फहराना एक प्रतीकात्मक कदम बताया गया है.
इस बीच डेनमार्क और ग्रीनलैंड के विदेश मंत्रियों ने वॉशिंगटन में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से मुलाकात की, लेकिन वे ट्रंप प्रशासन को ग्रीनलैंड पर नियंत्रण की अपनी मंशा से पीछे हटाने में सफल नहीं हो सके.
डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोक्के रासमुसेन ने साफ कहा कि “हम अमेरिकी रुख नहीं बदल सके,” जबकि ग्रीनलैंड की विदेश मंत्री विवियन मोट्ज़फेल्ड्ट ने सहयोग की बात करते हुए स्पष्ट किया कि उनका देश अमेरिका की “मालिक़ियत” नहीं चाहता.
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलिन लेविट ने कहा कि यूरोपीय सैनिकों की तैनाती से राष्ट्रपति ट्रंप के ग्रीनलैंड को लेकर फैसले पर कोई असर नहीं पड़ेगा. ट्रंप ने एक बार फिर दोहराया कि अमेरिका को ग्रीनलैंड “वास्तव में चाहिए”, और दावा किया कि यदि अमेरिका आगे नहीं बढ़ा तो रूस और चीन वहां प्रभाव बढ़ा सकते हैं.
यूरोपीय देशों की इस तैनाती को कुछ विश्लेषक अमेरिका के खिलाफ़ ही एक तरह की “निवारक रणनीति” मान रहे हैं जो NATO के इतिहास में एक असामान्य स्थिति है. वहीं रूस ने इस घटनाक्रम की आलोचना करते हुए इसे आर्कटिक के सैन्यीकरण का उदाहरण बताया है और कहा है कि आर्कटिक क्षेत्र शांति और सहयोग का क्षेत्र रहना चाहिए.
ग्रीनलैंड के इनुइट समुदायों में भी इस घटनाक्रम को लेकर डर का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि खनिज संसाधनों की होड़ उनके हजारों साल पुराने जीवन और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए खतरा बन सकती है.