फ्रांस के लूव्र संग्रहालय में डकैती: नेपोलियन-जोसेफिन के आभूषण चोरी
पेरिस । डेस्क: दुनिया के सबसे प्रसिद्ध संग्रहालयों में से एक, पेरिस के लूव्र (Louvre) में रविवार सुबह एक बेहद ही 'सुपरहिट फिल्म' की पटकथा जैसी डकैती की घटना ने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया. अज्ञात चोरों ने फ्रांसीसी सम्राट नेपोलियन बोनापार्ट और महारानी जोसेफिन से संबंधित लाखों रुपए के ऐतिहासिक आभूषण लूट लिए.
जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार सुबह संग्रहालय खुलने के तुरंत बाद हुई. बताया गया है कि तीन अपराधियों ने इस पूरी वारदात को अंजाम दिया, जिसमें से दो लोगों ने खिड़की तोड़कर उस कमरे में प्रवेश किया जहां ये बहुमूल्य आभूषण रखे थे, जबकि तीसरा व्यक्ति बाहर निगरानी कर रहा था.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चोरों ने श्येन नदी (Seine River) की ओर संग्रहालय के उस हिस्से से प्रवेश किया जहां वर्तमान में नवीनीकरण का काम चल रहा है. उन्होंने निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रही एक लिफ्ट का उपयोग किया और सीधे उस विशिष्ट कमरे तक पहुँच गए जहां नेपोलियन और महारानी के गहने रखे थे. खिड़की तोड़कर अंदर घुसे दो चोरों ने महारानी और सम्राट के कुल नौ आभूषण चुराए, जिनमें हार (नेकलेस), ब्रोच और अन्य कीमती वस्तुएं शामिल हैं.
पर्यटकों में भगदड़
लूव्र संग्रहालय में 'डकैती' की खबर फैलते ही पर्यटकों में भय का माहौल बन गया और भगदड़ मच गई. संग्रहालय प्रशासन ने तुरंत सभी पर्यटकों को बाहर निकाला और पूरे परिसर को बंद कर दिया. घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और उनका मानना है कि यह एक सुव्यवस्थित और सुनियोजित लूट है.
फ्रांस की संस्कृति मंत्री राछिदा दाति ने एक्स (पहले ट्विटर) पर इस घटना की पुष्टि की और बताया कि चोरी के दौरान कोई हताहत नहीं हुआ. उन्होंने तुरंत संग्रहालय बंद करने की घोषणा की.
चोरी हुए ये आभूषण फ्रांस के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि इन्हें 1804 में नेपोलियन और जोसेफिन के राज्याभिषेक के बाद तैयार किया गया था. लूव्र से पहले भी 1911 में विश्व प्रसिद्ध 'मोना लिसा' की पेंटिंग चोरी हो चुकी है, जिसे बाद में बरामद कर लिया गया था. इस ताजा घटना ने लूव्र जैसे कड़ी सुरक्षा वाले संग्रहालयों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.