रायपुर एम्स में नौकरी के नाम पर ठगी: लखनऊ से आरोपी गिरफ्तार
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सरकारी नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपये हड़पने वाले एक जालसाज को पुलिस ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से धर दबोचा है. वैशाली नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस मामले में आरोपी अभिषेक जयसवाल ने रायपुर एम्स (AIIMS) में स्टाफ नर्स के पद पर नियुक्ति दिलाने का लालच देकर एक युवक से 14.50 लाख रुपये की मोटी रकम वसूली थी.
आरोपी खुद को रसूखदार बताते हुए बड़े अधिकारियों से अपनी जान-पहचान का दावा करता था.
पुलिस जांच के अनुसार, पीड़ित मुकेश कोसरे ने आरोपी के बहकावे में आकर सितंबर 2021 से अक्टूबर 2022 के बीच विभिन्न किस्तों में साढ़े चौदह लाख रुपये आरोपी के खाते में जमा कराए थे.
लंबे समय तक नियुक्ति पत्र का इंतजार करने और पैसे वापस न मिलने पर पीड़ित ने 13 जनवरी 2026 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. दुर्ग पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी इनपुट और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर लखनऊ में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया.
वर्तमान में पुलिस आरोपी को भिलाई लाकर पूछताछ कर रही है, जिससे इस गिरोह द्वारा किए गए अन्य संभावित अपराधों का खुलासा होने की उम्मीद है.