शनि, 07 नव. 2026

CGKhabar

धोखाधड़ी मामला: पूर्व क्रिकेटर राजेश चौहान पर FIR के निर्देश

C

CG Khabar

22 जुल. 2026, 05:16 AM 2 मिनट में पढ़ें 12

राजेश चौहान क्रिकेटर
राजेश चौहान क्रिकेटर

दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित मोहन नगर पुलिस को पूर्व भारतीय ऑफ-स्पिनर राजेश चौहान के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं. न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी ऐश्वर्या दीवान की अदालत ने पीड़ित ठेकेदार की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह फैसला सुनाया. 


बैंक लेनदेन और समझौते से जुड़े दस्तावेजों का अवलोकन करने के पश्चात कोर्ट ने माना कि यह मामला प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है, जिसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश जारी किया गया है.

विज्ञापन


यह विवाद ट्रांसपोर्ट कारोबार में साझेदारी और फर्जी दस्तावेजों के जरिए रकम हड़पने से जुड़ा है. पीड़ित कारोबारी दिनकर विश्वमित्र के मुताबिक, एक परिचित के माध्यम से उनकी पहचान पूर्व क्रिकेटर से हुई थी. चौहान ने गोविंद ट्रांसपोर्ट कंपनी के नाम पर ओडिशा के क्योंझर स्थित जिंदल इस्पात लिमिटेड में एक बड़ा परिवहन ठेका मिलने का दावा किया था. 


उद्योगपति नवीन जिंदल से अपनी नजदीकी का हवाला देते हुए और कंपनी का कथित वर्क ऑर्डर दिखाकर आरोपी ने पीड़ित को व्यापार में साझेदारी का लालच दिया.


झांसे में आकर पीड़ित ने जुलाई 2021 में इकरारनामा निष्पादित किया और विभिन्न किस्तों के माध्यम से कुल 17.52 लाख रुपए हस्तांतरित कर दिए. हालांकि, लंबे समय तक काम शुरू न होने पर जब पीड़ित ने ओडिशा जाकर जिंदल इस्पात के अधिकारियों से संपर्क किया, तो खुलासा हुआ कि कंपनी द्वारा गोविंद ट्रांसपोर्ट को ऐसा कोई ठेका आवंटित ही नहीं किया गया था. 


स्वयं को ठगा महसूस करने पर पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई, किंतु थाना स्तर पर सुनवाई न होने के कारण उन्हें भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 175(3) के तहत न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा.


उल्लेखनीय है कि 90 के दशक में अनिल कुंबले और वेंकटपति राजू के साथ भारतीय स्पिन गेंदबाजी की मुख्य कड़ी रहे राजेश चौहान ने 1993 से 1998 के बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया था. घरेलू स्तर पर मध्य प्रदेश के लिए खेलने वाले चौहान वर्तमान में व्यावसायिक गतिविधियों और क्रिकेट अकादमी के संचालन से जुड़े हुए हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP