गढ़चिरौली में नक्सली नेता वेणुगोपाल सहित 60 नक्सलियों का आत्मसमर्पण
गढ़चिरौली में CC Member सहित 60 नक्सलियों का आत्मसमर्पण
गढ़चिरौली । डेस्क: वरिष्ठ सीपीआई माओवादी नेता और पोलित ब्यूरो सदस्य मलोजुला वेणुगोपाल उर्फ़ सोनू ने 60 कैडरों और 50 हथियारों के साथ पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है. दंडकारण्य विशेष क्षेत्रीय समिति के प्रमुख और पार्टी की केंद्रीय समिति के सदस्य रहे वेणुगोपाल ने हाल ही में “सशस्त्र संघर्ष को अस्थायी रूप से त्यागने” की अपील करते हुए सीपीआई माओवादी से इस्तीफा दे दिया था.
तेलंगाना के करीमनगर ज़िले के पेद्दापल्ली में जन्मे वेणुगोपाल एक गरीब परिवार से आते हैं, जो आसपास के मंदिरों में पुरोहिती कर जीविका चलाता था. उनके दादा और पिता मल्लुजोला वेंकटैयान दोनों ही भारतीय स्वतंत्रता सेनानी थे. वेणुगोपाल, माओवादी नेता किशनजी के छोटे भाई हैं.
वेणुगोपाल, जो कभी पीपुल्स वार ग्रुप के प्रभावशाली नेता रहे हैं, भूपति, सोनू, मास्टर और अभय जैसे कई नामों से जाने जाते हैं. उन्होंने लंबे समय तक दंडकारण्य विशेष क्षेत्रीय समिति का नेतृत्व किया, जिसमें महाराष्ट्र का गडचिरोली क्षेत्र भी शामिल है. पार्टी नेतृत्व ने उन्हें दक्षिण भारत में एक नए गुरिल्ला क्षेत्र के गठन की जिम्मेदारी सौंपी थी, जो पश्चिमी घाट के दोनों ओर के इलाकों, गोवा से लेकर केरल के इडुक्की तक को नियंत्रित करता था.
2010 में चेरुकुरी राजकुमार आजाद की मृत्यु के बाद वेणुगोपाल को सीपीआई (माओवादी) का आधिकारिक प्रवक्ता नियुक्त किया गया. वेणुगोपाल ने संगठन के प्रकाशन विभाग का संचालन भी संभाला. पुलिस खुफिया सूत्रों के अनुसार, वे अप्रैल 2010 में दंतेवाड़ा में हुए माओवादी हमले के मुख्य योजनाकारों में से एक थे.
किशनजी की मृत्यु के पश्चात पार्टी ने वेणुगोपाल को ऑपरेशन ग्रीन हंट के खिलाफ पश्चिम बंगाल के लालगढ़ आंदोलन का नेतृत्व सौंपा था.
उनकी पत्नी तारक्का ने 31 दिसंबर 2024 को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सामने आत्मसमर्पण किया, जिससे माओवादी आंदोलन में एक और बड़ा झटका माना जा रहा है.