बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

गेवरा: नया वेतन समझौता न होने पर देशव्यापी खदान हड़ताल

C

CG Khabar

02 जुल. 2026, 02:05 AM 2 मिनट में पढ़ें 14

गेट मीटिंग- गेवरा
गेट मीटिंग- गेवरा

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित गेवरा कोयला परियोजना में श्रमिकों का गुस्सा फूट पड़ा है. नए वेतन समझौते (JBCCI-12) के गठन में हो रही देरी से नाराज हजारों की संख्या में विभागीय कर्मचारी और ठेका मजदूर एक साथ सड़कों पर उतर आए. 


बुधवार को एचएमएस, एटक, इंटक और सीटू जैसे प्रमुख श्रमिक संगठनों के संयुक्त मोर्चे ने इसे 'मांग दिवस' के रूप में मनाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. आंदोलनकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि कोल इंडिया प्रबंधन ने उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया, तो देश भर की कोयला खदानों में कामकाज ठप कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी.

विज्ञापन


परियोजना के मेन गेट पर स्थित श्रमिक चौक पर आयोजित इस विशाल गेट मीटिंग को संबोधित करते हुए श्रमिक नेताओं ने प्रबंधन के रवैये पर कड़ा ऐतराज जताया. हिन्द खदान मजदूर फेडरेशन के अध्यक्ष रेशम लाल यादव की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन में वक्ताओं ने कहा कि पिछले वेतन समझौते की अवधि समाप्त हुए लंबा वक्त गुजर चुका है. 


इसके बावजूद अब तक जेबीसीसीआई-12 की समिति का गठन नहीं किया गया है. इसके अभाव में वेतन वृद्धि और भत्तों में संशोधन को लेकर होने वाली आधिकारिक द्विपक्षीय बातचीत अटकी पड़ी है, जिसका सीधा नुकसान कोल इंडिया के लाखों कर्मचारियों को उठाना पड़ रहा है.


हाथों में तख्तियां और बैनर थामे प्रदर्शनकारियों ने श्रमिक एकता और जेबीसीसीआई-12 के तत्काल गठन के समर्थन में जमकर नारेबाजी की. इस उग्र प्रदर्शन के बाद संयुक्त मोर्चे के पदाधिकारियों ने गेवरा क्षेत्र की मानव संसाधन प्रबंधक श्रीमती सुधा शिंदे से मुलाकात की और उन्हें कोल इंडिया प्रबंधन के नाम एक मांग पत्र सौंपा. 


ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि कर्मचारियों के संशोधित वेतनमान और आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए बिना किसी अतिरिक्त देरी के वार्ता प्रक्रिया की शुरुआत की जाए. श्रमिक संगठनों ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन सिर्फ गेवरा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले दिनों में इसे कोल इंडिया की सभी सहयोगी कंपनियों में फैलाकर एक बड़ा रूप दिया जाएगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP