GMP: आकाशीय बिजली से महिला की मौत, 6 अन्य झुलसी
पेन्ड्रा । संवाददाता: मरवाही थाना क्षेत्र स्थित मड़वाही गांव में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे महिलाएं खेत में रोपाई के काम में जुटी हुई थीं. इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदला और मूसलाधार बारिश होने लगी. काम के बीच ही गिरी तेज कड़कदार बिजली की चपेट में आने से 32 वर्षीया श्याम बाई लोधाम (पति रमेश लोधाम) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
इस वज्रपात में मड़वाही गांव की ही छह अन्य महिलाएं भानमती, रीता बाई, हेमवती, पार्वती और सविता गंभीर रूप से झुलस गईं. घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को मरवाही स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. इस अनहोनी के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
खराब मौसम और भारी बारिश के बीच सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील करते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सचेत किया है. विभाग का कहना है कि वज्रपात के खतरे को देखते हुए बारिश के दौरान खुले खेतों, ऊंचे स्थानों और पेड़ों की शरण लेने से बचें.