ओडिशा से आ रही कार के गुप्त चैंबर से सवा नौ करोड़ का सोना बरामद
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर स्थित रेहटीखोल जांच चौकी पर सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार से भारी मात्रा में अवैध सोना बरामद किया है. जब्त किए गए सोने के आभूषणों का वजन लगभग साढ़े सात किलोग्राम से अधिक है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 9 करोड़ 27 लाख रुपये आंकी गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई उस समय हुई जब ओडिशा की तरफ से आ रही एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका गया.
पुलिस टीम ने जब वाहन की बारीकी से तलाशी ली, तो पिछली सीट के नीचे विशेष रूप से तैयार किया गया एक गुप्त चैंबर मिला, जिसमें आभूषणों को छिपाकर रखा गया था.
मौके पर मौजूद लोग बरामद सोने के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या बिल पेश नहीं कर सके.
इस मामले में पुलिस ने कार सवार तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जो गुजरात के राजकोट के रहने वाले हैं.
पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान जयेश अकबरी, सुनीत कारेना और रूशी अग्रावात के रूप में हुई है.
इतनी बड़ी मात्रा में बेहिसाबी कीमती धातु मिलने के कारण सिंघोड़ा थाना पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसे आगे की जांच और कार्रवाई के लिए आयकर विभाग को सौंप दिया है. इसके साथ ही राजस्व सूचना निदेशालय (DRI) भी इस पूरे सिंडिकेट और कर चोरी के नेटवर्क का पता लगाने के लिए मामले से जुड़ गया है.