देशभर के सरकारी बैंकों में आज हड़ताल
नई दिल्ली । डेस्क: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर आज, मंगलवार 27 जनवरी, 2026 को देशभर के सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में कामकाज ठप रहने की संभावना है. नौ यूनियनों के इस साझा संगठन ने बैंकिंग क्षेत्र में पांच-दिवसीय कार्य सप्ताह को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर राष्ट्रव्यापी हड़ताल का निर्णय लिया है.
रविवार और गणतंत्र दिवस की छुट्टी के बाद आज की इस हड़ताल से लगातार तीसरे दिन बैंक शाखाओं में सेवाएं बाधित रहेंगी.
हड़ताल का मुख्य कारण 23 जनवरी को मुख्य श्रम आयुक्त के साथ हुई सुलह बैठक का बेनतीजा रहना है. ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन (AIBEA) के महासचिव सी.एच. वेंकटचलम के अनुसार, लंबी चर्चा के बावजूद सरकार की ओर से उनकी मांगों पर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला, जिसके चलते यूनियनों को यह कदम उठाना पड़ा.
गौरतलब है कि मार्च 2024 के वेतन संशोधन समझौते के दौरान भारतीय बैंक संघ (IBA) और यूनियनों के बीच सभी शनिवारों को अवकाश घोषित करने पर सहमति बनी थी, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक इसकी अधिसूचना जारी नहीं की गई है.
यूनियनों का तर्क है कि पांच-दिवसीय बैंकिंग कोई विलासिता नहीं, बल्कि एक मानवीय और आर्थिक आवश्यकता है.
नेशनल कन्फेडरेशन ऑफ बैंक एम्प्लॉइज (NCBE) के महासचिव एल. चंद्रशेखर ने कहा कि एक आरामदेह और संतुलित वर्कफोर्स वित्तीय स्थिरता को मजबूत करती है. इस मांग के बदले बैंक कर्मचारी सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन 40 मिनट अतिरिक्त काम करने के लिए भी तैयार हैं.
इस विरोध प्रदर्शन के कारण भारतीय स्टेट बैंक (SBI), पंजाब नेशनल बैंक (PNB) और बैंक ऑफ बड़ौदा जैसे सरकारी बैंकों में नकद जमा, निकासी, चेक क्लीयरेंस और प्रशासनिक कार्य प्रभावित होने की आशंका है.
हालांकि, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई और एक्सिस जैसे निजी क्षेत्र के बैंकों में कामकाज सामान्य रहने की उम्मीद है.
डिजिटल बैंकिंग सेवाएं जैसे यूपीआई (UPI) और नेट बैंकिंग सुचारू रूप से चलती रहेंगी, लेकिन एटीएम में नकदी की उपलब्धता को लेकर कुछ स्थानीय समस्याएं आ सकती हैं.
एसबीआई सहित कई बैंकों ने पहले ही स्टॉक एक्सचेंजों को सूचित कर दिया है कि हड़ताल के कारण उनकी शाखाओं में कामकाज प्रभावित हो सकता है.