गुरुग्राम: किराया मांगने पर कैब ड्राइवर को रेप केस की धमकी, महिला पर FIR
नई दिल्ली । डेस्क: हरियाणा के गुरुग्राम से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक महिला पर कैब ड्राइवर को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर ठगी करने का आरोप लगा है. पीड़ित कैब ड्राइवर जियाउद्दीन की शिकायत के अनुसार, ज्योति दलाल नाम की महिला ने मंगलवार सुबह 8 बजे उनकी कैब बुक की थी.
दिनभर शहर के अलग-अलग इलाकों जैसे सेक्टर 31, बस स्टैंड और साइबर सिटी में घूमने के बाद जब ड्राइवर ने 2000 रुपये किराया मांगा, तो महिला भड़क गई. आरोप है कि महिला ने न केवल किराया देने से मना कर दिया, बल्कि ड्राइवर को छेड़छाड़ और चोरी के झूठे केस में जेल भिजवाने की धमकी भी दी.
ड्राइवर ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि सफर के दौरान महिला ने उससे खाने-पीने के नाम पर 700 रुपये उधार भी लिए थे.
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि यह महिला 'सीरियल ठग' है. इससे पहले फरवरी 2024 में भी उसका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह एक अन्य कैब ड्राइवर के साथ बदसलूकी करती नजर आई थी.
इसके अलावा, उस पर हाल ही में एक सैलून से 20 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने का भी आरोप है.
गुरुग्राम पुलिस ने महिला के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की बात कही है.