कोरबा में राखड़ बांध टूटने से हसदेव नदी का दम घुट रहा
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की 'ऊर्जा राजधानी' कहे जाने वाले कोरबा जिले में एक बड़ा पर्यावरणीय संकट खड़ा हो गया है. थर्मल पावर प्लांटों से निकलने वाले फ्लाई ऐश (राख) के अनियंत्रित निपटान और लगातार टूटते राख बांधों ने हसदेव नदी के अस्तित्व पर संकट ला दिया है. यह नदी क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए जीवनदायिनी है, लेकिन औद्योगिक लापरवाही के कारण अब इसका पानी जहरीला और मटमैला होता जा रहा है.
ताजा मामला झाबू गांव का है, जहां छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल (CSEB) के पावर प्लांट का राख बांध टूटने से भारी मात्रा में फ्लाई ऐश हसदेव नदी में बह गई. कुछ ही समय में यह राख कई किलोमीटर तक फैल गई, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और पर्यावरणविदों में भारी आक्रोश है.
हसदेव नदी में कैसे पहुंच रही है राख?
बिजली उत्पादन के दौरान भारी मात्रा में फ्लाई ऐश पैदा होती है, जिसे पाइपलाइनों के जरिए राख बांधों में डंप किया जाता है. विशेषज्ञों का कहना है कि रखरखाव की कमी और घटिया निर्माण के कारण ये बांध अक्सर टूट जाते हैं.
केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्टों के अनुसार, लगातार राख जमा होने से हसदेव नदी की जल-धारण क्षमता घट गई है. नदी के तल में सिल्ट जमा होने से इसका पाट लगातार सिकुड़ रहा है, जो आने वाले समय में भीषण बाढ़ या सूखे का कारण बन सकता है.
"रोजाना पानी में बह रही है राख, हम इसे ही पीने को मजबूर"
झाबू गांव के निवासी जयपाल सिंह ने जमीनी हकीकत बयां करते हुए कहा, "झाबुआ नवागांव में स्थित CSEB का राख बांध आए दिन टूटता है. अधिकारी आते हैं, मरम्मत करते हैं और कुछ दिन बाद यह फिर टूट जाता है. हम इसी पानी में नहाते हैं और कई बार इसे पीने के लिए भी मजबूर होना पड़ता है. अगर यह सिलसिला नहीं रुका, तो हमारे पास पीने का पानी तक नहीं बचेगा." ग्रामीणों को डर है कि इस प्रदूषण से खेती और स्वास्थ्य पर जानलेवा असर पड़ रहा है.
100% ऐश यूटिलाइजेशन के नियम सिर्फ कागजों पर
पर्यावरण कार्यकर्ता लक्ष्मी चौहान का कहना है कि पर्यावरण विभाग के नियमों के मुताबिक, 500 मेगावाट के प्लांट को आपातकालीन स्थिति के लिए केवल 100 एकड़ जमीन ऐश डिस्पोजल के लिए मिलती है.
उन्होंने बताया, "1999 से लागू नियमों में कई बदलाव किए गए और आज सभी पावर प्लांटों के लिए 100% राख का पुनर्चक्रण (Utilization) अनिवार्य है. लेकिन जमीन पर स्थिति इसके बिल्कुल उलट है. निगरानी की कमी के कारण हसदेव का पूरा इकोसिस्टम तबाह हो रहा है."
किसानों के सामने सिंचाई का संकट
कोरबा में उद्योगों के विस्तार के साथ पानी की मांग तेजी से बढ़ी है. हसदेव नदी पर बढ़ती औद्योगिक निर्भरता के कारण किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है. नदी का घटता जलस्तर कृषि क्षेत्र के लिए एक बड़े जल संकट का संकेत दे रहा है.
जिला प्रशासन का दावा: नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं
बढ़ते विवाद के बीच कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, "चाहे सरकारी प्लांट हो या बाल्को (BALCO) जैसी निजी कंपनियां, सभी को पर्यावरण नियमों का पालन करना होगा. जिला प्रशासन की टीम इस समय सभी उद्योगों का 'औद्योगिक सुरक्षा ऑडिट' (Industrial Safety Audit) कर रही है. किसी भी प्रकार का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी."
मॉनिटरिंग डेटा को सार्वजनिक करने की मांग
बता दें कि साल 2021 में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने हसदेव नदी के दर्री से उरगा के बीच 20 किलोमीटर के हिस्से को प्रदूषित क्षेत्र घोषित किया था. नदी की सेहत सुधारने के लिए दो 'सतत अपशिष्ट गुणवत्ता निगरानी स्टेशन' (CEQMS) लगाए गए थे. हालांकि, पर्यावरणविदों का आरोप है कि इन स्टेशनों का डेटा सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं.
अमृत मिशन 2.0 से उम्मीद की नई किरण
प्रदूषण को रोकने के लिए प्रशासन अब 'अमृत मिशन 2.0' के तहत 165 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है. शहर के 11 बड़े नालों का गंदा पानी सीधे नदी में गिरता था, जिसे रोकने के लिए 20 MLD क्षमता का टर्शियरी ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जा रहा है. इस ट्रीट किए गए पानी को बाद में एनटीपीसी (NTPC) प्लांट को औद्योगिक उपयोग के लिए दिया जाएगा.
हसदेव नदी को बचाने के लिए अब केवल कागजी दावों की नहीं, बल्कि जमीन पर सख्त कार्रवाई और पारदर्शी निगरानी की जरूरत है, ताकि इस जीवनदायिनी नदी को पूरी तरह से मृत होने से बचाया जा सके.