HC का निर्देश: तत्काल शुरू हो प्लास्टिक सफाई, अब सीधे निर्माताओं पर होगी कार्रवाई
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने राज्य में बढ़ते प्लास्टिक प्रदूषण पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार और पर्यावरण संरक्षण मंडल को तत्काल पूरे प्रदेश में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने का आदेश दिया है. मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति रवींद्र कुमार अग्रवाल की खंडपीठ ने स्पष्ट किया कि केवल कागजी कार्रवाई या छोटे विक्रेताओं पर कार्रवाई काफी नहीं है, बल्कि जमीन पर ठोस परिणाम दिखने चाहिए.
अदालत ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सड़कों, बाजारों, नालों, जल निकायों, बस स्टैंडों और रेलवे स्टेशनों से प्लास्टिक कचरे को पूरी तरह साफ किया जाए. जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान कोर्ट ने टिप्पणी की कि प्लास्टिक का अनियंत्रित तरीके से फेंका जाना नागरिक बोध की कमी को दर्शाता है, जिसमें जनभागीदारी अनिवार्य है.
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील ने दलील दी कि वर्तमान प्रवर्तन अभियान केवल 'दिखावा' है क्योंकि यह सिर्फ छोटे दुकानदारों को निशाना बनाता है, जबकि प्रतिबंधित प्लास्टिक के असली निर्माताओं और बड़े आपूर्तिकर्ताओं पर कोई लगाम नहीं कसी जा रही है.
इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए हाईकोर्ट ने सरकार को निर्देश दिया कि वे सिंगल-यूज प्लास्टिक के निर्माताओं, परिवहनकर्ताओं और मुख्य आपूर्तिकर्ताओं की पहचान करें और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें.
राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत हलफनामे के अनुसार, 1 जुलाई 2022 से अब तक 9,216 किलोग्राम प्लास्टिक जब्त किया गया है और करीब 59.75 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है.
हालांकि, कोर्ट ने कहा कि इन आंकड़ों के बावजूद सार्वजनिक स्थानों और जल स्रोतों में कचरा बरकरार है, जो जनस्वास्थ्य और पशुओं के लिए बड़ा खतरा है. हाईकोर्ट ने अब इस मामले में की गई प्रगति पर 8 जुलाई 2026 तक ताजा स्टेटस रिपोर्ट तलब की है.