HC: प्रमोशन ठुकराने वाले कर्मचारी समयबद्ध वेतनमान के हकदार नहीं
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने सरकारी कर्मचारियों को मिलने वाले एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन (ACP) यानी समयबद्ध वेतनमान योजना को लेकर एक बेहद महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है. अदालत की डिवीजन बेंच ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई कर्मचारी अपनी मर्जी से नियमित पदोन्नति (प्रमोशन) को स्वीकार करने से मना करता है, तो वह एसीपी योजना के तहत वित्तीय अपग्रेडेशन (उच्चतर वेतनमान) पाने का हकदार नहीं होगा.
जस्टिस पार्थ प्रतिम साहू और जस्टिस सचिन सिंह राजपूत की खंडपीठ ने रिट याचिका को खारिज करते हुए कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य उस गतिरोध या ठहराव को दूर करना है, जहां योग्य होने के बावजूद किसी कर्मचारी को पदोन्नति के अवसर नहीं मिल पाते. कोर्ट ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि कोई भी कर्मचारी अपनी मर्जी से उपलब्ध प्रमोशन के अवसरों को छोड़ नहीं सकता और फिर उसी समय वित्तीय लाभ का दावा नहीं कर सकता.
क्या है पूरा मामला?
यह मामला समरपिता पॉल बनाम भारत संघ एवं अन्य (WPS संख्या 6287/2025) से जुड़ा है. याचिकाकर्ता महिला की नियुक्ति अक्टूबर 1992 में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) के पद पर हुई थी. बाद में उन्हें अगले उच्च पद पर प्रमोट किया गया, लेकिन व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने पदभार नहीं संभाला. इसके बाद विभाग द्वारा साल 2002, 2005, 2006 और 2010 में भी उन्हें प्रमोशन के अवसर दिए गए, लेकिन हर बार उन्होंने पदोन्नति लेने से इनकार कर दिया.
इसके बाद याचिकाकर्ता ने 12 और 24 वर्ष की सेवा पूरी करने पर सीनियर स्केल/समयबद्ध वेतनमान देने की मांग को लेकर केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण का दरवाजा खटखटाया था. ट्रिब्यूनल से दावा खारिज होने के बाद उन्होंने हाई कोर्ट में रिट याचिका दायर की थी.
हाई कोर्ट में दोनों पक्षों की दलीलें
याचिकाकर्ता शिक्षक की ओर से वकील सुदीप वर्मा ने तर्क दिया कि उनकी 24 वर्षों से अधिक की सेवा पूरी तरह बेदाग रही है और उनके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं हुई है. सिर्फ प्रमोशन स्वीकार न करने के आधार पर समयबद्ध वेतनमान से वंचित करना मनमाना और अवैध है. उन्होंने कुछ अन्य शिक्षकों का उदाहरण देते हुए समानता का दावा भी पेश किया.
दूसरी तरफ, प्रतिवादियों की ओर से पक्ष रखते हुए डिप्टी सॉलिसिटर जनरल रमाकांत मिश्रा ने कोर्ट को बताया कि नवोदय विद्यालय समिति के स्पष्टीकरण के अनुसार, यदि कोई शिक्षक 12 वर्ष की सेवा पूरी होने से पहले ही पदोन्नति का अवसर ठुकरा देता है, तो वह सीनियर स्केल का हकदार नहीं रहता.
समानता के दावे पर उन्होंने साफ किया कि हैदराबाद क्षेत्र के जिन शिक्षकों को यह लाभ मिला था, वह इस स्पष्टीकरण के आने से पहले का मामला था, और बाद में सूरजपुर के एक शिक्षक को दिया गया ऐसा लाभ वापस भी ले लिया गया था.
अदालत का फैसला
छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने ट्रिब्यूनल के फैसले को सही ठहराते हुए सुप्रीम कोर्ट के 'यूनियन ऑफ इंडिया बनाम मंजू अरोड़ा' मामले का हवाला दिया. कोर्ट ने कहा कि जो कर्मचारी नियमित पदोन्नति के प्रस्ताव को अस्वीकार करते हैं, वे वित्तीय अपग्रेडेशन के लाभों से वंचित हो जाते हैं.
कानूनन कोई भी व्यक्ति एक ही समय में अपनी सुविधा के अनुसार लाभ लेने और शर्तों को नकारने का दोहरा रुख नहीं अपना सकता. इसी के साथ अदालत ने याचिकाकर्ता की रिट याचिका को पूरी तरह खारिज कर दिया.