HC ने नाबालिग रेप पीड़िता को 25 सप्ताह के गर्भपात की दी अनुमति
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने एक नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता के मामले में फैसला सुनाते हुए कहा है कि सोनोग्राफी रिपोर्ट में दिखाई गई गर्भ की उम्र केवल एक अनुमान होती है, जिसे अंतिम मानकर किसी पीड़िता को गर्भपात के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता. अदालत ने स्पष्ट किया कि यदि इससे किसी दुष्कर्म पीड़िता के मौलिक अधिकारों का हनन होता है, तो चिकित्सकीय अनुमान के स्थान पर पीड़िता की गरिमा और शारीरिक स्वायत्तता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए.
यह आदेश न्यायमूर्ति अमितेंद्र किशोर प्रसाद की एकल पीठ ने 25 सप्ताह और 5 दिन की गर्भवती नाबालिग रेप पीड़िता द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया.
इससे पहले, मेडिकल बोर्ड ने इस आधार पर गर्भपात की अनुमति देने से इनकार कर दिया था कि गर्भ की अवधि 'मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेगनेंसी (MTP) अधिनियम, 1971' के तहत निर्धारित 24 सप्ताह की वैधानिक सीमा को पार कर चुकी है.
हाईकोर्ट ने मेडिकल बोर्ड की इस राय को खारिज करते हुए कहा कि सोनोग्राफी के जरिए गर्भ की उम्र के आकलन में 2 सप्ताह तक का अंतर आ सकता है, इसलिए इसे कठोरता से लागू नहीं किया जा सकता.
अदालत ने माना कि अनचाहे गर्भ को जारी रखने के लिए मजबूर करना पीड़िता को और अधिक मानसिक आघात पहुंचाना होगा, जो कि संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत प्राप्त उसके जीवन, निजता, गरिमा और प्रजनन स्वायत्तता के मौलिक अधिकार का हनन है.
अदालत ने अपने विशेषाधिकार (अनुच्छेद 226) का उपयोग करते हुए याचिका को स्वीकार कर लिया और रायपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिया कि पीड़िता को 24 घंटे के भीतर डॉ. भीमराव अंबेडकर मेमोरियल अस्पताल, रायपुर या किसी अन्य उपयुक्त सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जाए.
कोर्ट ने निर्देश दिया है कि बहुविषय विशेषज्ञों की टीम द्वारा सभी चिकित्सीय मानकों, गोपनीयता और फोरेंसिक साक्ष्यों के संरक्षण के साथ गर्भपात की प्रक्रिया पूरी की जाए.