बिना सहमति के नार्को-पॉलीग्राफ-ब्रेन मैपिंग टेस्ट कराने पर HC की रोक
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि कोई भी जांच एजेंसी किसी व्यक्ति को उसकी मर्जी और सूचित सहमति (Informed Consent) के बिना नार्को एनालिसिस, पॉलीग्राफ या ब्रेन इलेक्ट्रिकल एक्टिवेशन प्रोफाइल (BEAP) जैसे वैज्ञानिक परीक्षणों के लिए मजबूर नहीं कर सकती है.
अदालत ने निर्देश दिया है कि इस तरह के परीक्षण केवल संवैधानिक और कानूनी सुरक्षा उपायों के दायरे में ही आयोजित किए जा सकते हैं.
मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति रवींद्र कुमार अग्रवाल की खंडपीठ ने रायगढ़ के दो निवासियों द्वारा दायर एक रिट याचिका का निपटारा करते हुए यह आदेश पारित किया. याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि पुलिस उनके खिलाफ कोई सबूत न होने के बावजूद, और उनकी सहमति के बिना उन पर वैज्ञानिक फोरेंसिक परीक्षण करने का प्रयास कर रही है.
यह मामला रायगढ़ के चक्रधरनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज एक हत्या की जांच से जुड़ा है. याचिकाकर्ताओं का कहना था कि प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) में उनका नाम नहीं है और जांच अधिकारी द्वारा सत्र अदालत में सौंपी गई रिपोर्ट में भी उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिलने की बात कही गई थी.
इसके बावजूद उन्हें लगातार कई दिनों तक थाने बुलाकर परेशान किया गया और बिना न्यायिक अनुमति या सहमति के नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए रायपुर जाने का दबाव बनाया गया. दूसरी ओर, राज्य सरकार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए याचिका को समय से पहले बताया था.
हाई कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक 'सेल्वी बनाम कर्नाटक राज्य (2010)' मामले का हवाला देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति पर जबरन इस तरह के टेस्ट करना संविधान के अनुच्छेद 20(3) के तहत आत्म-दोषारोपण के खिलाफ संरक्षण और अनुच्छेद 21 के तहत व्यक्तिगत स्वतंत्रता व मानसिक गोपनीयता के अधिकार का सीधे तौर पर उल्लंघन है.
कोर्ट ने साफ किया कि यदि ऐसे परीक्षण करने का प्रस्ताव आता है, तो सक्षम न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष याचिकाकर्ताओं की स्वैच्छिक और स्पष्ट सहमति दर्ज की जानी चाहिए. इसके साथ ही कानूनी सहायता की उपलब्धता और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य होगा.