तरबूज खाने के बाद बिगड़ी 4 बच्चों की तबीयत, 1 की मौत
जांजगीर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के घुरकोट गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में तरबूज खाने के बाद चार बच्चों की सेहत गंभीर रूप से खराब हो गई. जिनमें से एक किशोर की उपचार के दौरान मौत हो गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर में घर में रखा तरबूज खाने के कुछ ही घंटों बाद 15 वर्षीय अखिलेश धीवर को सांस लेने में कठिनाई और उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हुई.
हालत बिगड़ती देख परिजन उसे तुरंत एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना में शामिल तीन अन्य बच्चे-पिंटू (12 वर्ष), हितेश (13 वर्ष) और एक 4 वर्षीय बालक भी संक्रमण की चपेट में आ गए, जिनका वर्तमान में जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड में उपचार जारी है.
इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है. स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन ने खाद्य विषाक्तता (फूड पॉइजनिंग) की आशंका जताते हुए मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मौत की असली वजह तरबूज में मौजूद कोई घातक संक्रमण था या कुछ और. File photo