सिगरेट पर भारी टैक्स से बढ़ेगी तस्करी, राजस्व नुकसान होगा
नई दिल्ली । डेस्क: भारत सरकार द्वारा सिगरेट पर हाल ही में की गई एक्साइज ड्यूटी में वृद्धि और नए टैक्स ढांचे को लेकर आर्थिक विशेषज्ञों और उद्योग जगत ने चिंता व्यक्त की है. वित्त मंत्रालय द्वारा केंद्रीय उत्पाद शुल्क अधिनियम में किए गए संशोधनों के अनुसार, 1 फरवरी 2026 से सिगरेट की लंबाई के आधार पर 2,050 रुपये से लेकर 8,500 रुपये प्रति 1,000 स्टिक तक की ड्यूटी लागू होगी.
यह शुल्क मौजूदा 40 प्रतिशत जीएसटी के अतिरिक्त होगा, जिससे सिगरेट पर कुल टैक्स का बोझ 50-55 प्रतिशत से बढ़कर 60-70 प्रतिशत तक पहुँच सकता है.
विशेषज्ञों का मानना है कि इस 'अभूतपूर्व' वृद्धि से देश में अवैध सिगरेट के कारोबार और तस्करी में भारी उछाल आ सकता है, जिससे सरकारी खजाने को राजस्व का बड़ा नुकसान होने की आशंका है.
थिंक चेंज फोरम के महासचिव रंगनाथ तन्नीर सहित कई विश्लेषकों का कहना है कि अत्यधिक कराधान से मांग कम होने के बजाय उपभोक्ता सस्ते और अवैध विकल्पों की ओर मुड़ जाते हैं.
जेपी मॉर्गन और नोमुरा जैसी वैश्विक वित्तीय संस्थाओं की रिपोर्ट भी इसी ओर इशारा करती हैं कि उच्च दरों के कारण उपभोक्ता ब्रांडेड और महंगी सिगरेट छोड़कर अवैध या गैर-कर भुगतान वाली सिगरेट की ओर रुख करेंगे.
वर्तमान में भारत में अवैध तंबाकू की हिस्सेदारी पहले से ही लगभग 26 प्रतिशत है, जो इसे दुनिया का चौथा सबसे बड़ा तस्करी वाला बाजार बनाती है.
विशेषज्ञों ने ऑस्ट्रेलिया का उदाहरण देते हुए आगाह किया है कि वहां भी अत्यधिक टैक्स वृद्धि के कारण संगठित अपराध और तस्करी में भारी वृद्धि देखी गई थी.
टोबैको इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (TII) ने सरकार से इन दरों की समीक्षा करने का आग्रह किया है ताकि अवैध नेटवर्कों को पनपने से रोका जा सके.