बंगाल में बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं के लिए बनेंगे होल्डिंग सेंटर
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल की सरकार ने राज्य के सभी जिलों में 'होल्डिंग सेंटर' बनाने का कड़ा निर्देश जारी किया है. इन सेंटरों का मुख्य उद्देश्य बांग्लादेशी और रोहिंग्या संदिग्धों को चिन्हित कर हिरासत में रखना है.
राज्य सरकार के नए आदेश के अनुसार, घुसपैठ के संदेह में गिरफ्तार किए गए लोगों को इन होल्डिंग सेंटरों में अधिकतम 30 दिनों तक रखा जा सकेगा. इसके अलावा, जिन विदेशी कैदियों की सजा पूरी हो चुकी है और जिन्हें उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया चल रही है, उन्हें भी इन सेंटरों में स्थानांतरित किया जाएगा.
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया कि पिछली सरकार ने केंद्र के इन निर्देशों का पालन नहीं किया था, लेकिन उनकी सरकार आते ही इसे सख्ती से लागू किया जा रहा है.
उन्होंने साफ कहा कि जो लोग नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के दायरे में नहीं आते हैं, उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर सीमा सुरक्षा बल के हवाले किया जाएगा, जो उन्हें उनके देश वापस भेजेगा. इस संबंध में राज्य के डीजीपी, सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को दिशा-निर्देश भेज दिए गए हैं.
यह कदम केंद्रीय गृह मंत्रालय के फॉरेनर्स डिवीजन द्वारा 2 मई 2025 को जारी की गई आठ पन्नों की गाइडलाइन के बाद उठाया गया है. इसके तहत राज्य सरकार 'डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट' (चिन्हित करना, हटाना और निकालना) की नीति पर काम कर रही है.
संदिग्धों की जांच के लिए हर जिले में स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा. होल्डिंग सेंटर में रखे गए संदिग्धों के बायोमेट्रिक डेटा को केंद्र सरकार के पोर्टल पर अपलोड कर उन्हें 'ब्लैकलिस्ट' किया जाएगा. अंतिम निर्णय जिला मजिस्ट्रेट द्वारा लिया जाएगा, जिसके बाद बीएसएफ या कोस्ट गार्ड इन्हें सीधे सीमा पार भेजने की कार्रवाई करेंगे.