60 हजार साल पहले भी इंसान में शिकार का ज्ञान मौजूद था
नई दिल्ली । डेस्क: अब तक यही माना जाता था कि शिकार के लिए ज़हर लगे तीरों का इस्तेमाल मानव ने अपेक्षाकृत हाल के समय में सीखा. आम धारणा थी कि यह तकनीक कुछ हजार साल पुरानी है. लेकिन दक्षिण अफ्रीका से मिले नए वैज्ञानिक प्रमाणों ने इस सोच को पूरी तरह गलत साबित कर दिया है. हालिया शोध के मुताबिक, इंसान करीब 60 हजार साल पहले ही ज़हर लगे तीरों का इस्तेमाल कर शिकार करना जानता था.
दरअसल, यह कहानी शुरू होती है लगभग 40 साल पहले से. वर्ष 1985 में दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन से करीब 200 किलोमीटर उत्तर में स्थित उम्हलातुज़ाना रॉक शेल्टर से तीरों के फलकों जैसे दिखने वाले पत्थर के 10 टुकड़े मिले थे. तब इन्हें प्राचीन औजार मानकर संग्रहालय में सुरक्षित तो रखा गया, लेकिन इन पर कोई विशेष वैज्ञानिक शोध नहीं हुआ. दशकों तक ये अवशेष जादुघर की शोभा बने रहे.
हाल ही में स्वीडन की स्टॉकहोम यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर सेवेन इसाकसन के नेतृत्व में इन तीरों के फलकों पर गहन वैज्ञानिक परीक्षण किए गए. इस शोध में स्टॉकहोम यूनिवर्सिटी के साथ-साथ लिनियस यूनिवर्सिटी और जोहान्सबर्ग यूनिवर्सिटी (दक्षिण अफ्रीका) के वैज्ञानिक भी शामिल थे. जांच के नतीजे चौंकाने वाले निकले.
शोधकर्ताओं को इन प्राचीन तीरों के फलकों पर विषैले वनस्पति-जनित रासायनिक यौगिकों के स्पष्ट प्रमाण मिले. परीक्षणों से पता चला कि इन फलकों पर जिस ज़हर का इस्तेमाल किया गया था, वह संभवतः बुफोन डिस्टिचा नामक एक स्थानीय झाड़ीदार पौधे से प्राप्त किया गया था. यह पौधा आज भी दक्षिण अफ्रीका में पाया जाता है और स्थानीय आदिवासी समुदायों में अब भी शिकार के लिए इसके ज़हर के इस्तेमाल की परंपरा मौजूद है.
अब तक ज़हर लगे तीरों का सबसे पुराना प्रमाण दक्षिण अफ्रीका की क्रूगर गुफा से मिला था, जिसकी उम्र करीब 7 हजार साल मानी जाती थी. लेकिन उम्हलातुज़ाना रॉक शेल्टर से मिले ये तीर उससे कहीं ज्यादा पुराने हैं-लगभग 60 हजार साल. यही कारण है कि वैज्ञानिक इस खोज को मानव इतिहास में शिकार तकनीक के विकास से जुड़ा एक बड़ा मोड़ मान रहे हैं.
शोधकर्ताओं का मानना है कि ये तीर संभवतः आधुनिक मानव (होमो सेपियंस) द्वारा बनाए गए थे. अफ्रीका में आधुनिक मानव का उद्भव लगभग 3 लाख साल पहले हुआ था. हालांकि वैज्ञानिक पूरी तरह निश्चित नहीं हैं, लेकिन उपलब्ध साक्ष्य इसी ओर इशारा करते हैं कि उस दौर के इंसान में तकनीकी समझ और पर्यावरण का ज्ञान काफी विकसित हो चुका था.
प्रोफेसर इसाकसन के अनुसार, इन तीरों पर लगाया गया ज़हर इतना तेज़ नहीं था कि शिकार तुरंत मर जाए. इसका उद्देश्य शिकार को धीरे-धीरे कमजोर करना था, ताकि घायल जानवर को आसानी से खोजा जा सके. इससे शिकार करने में कम मेहनत और कम जोखिम होता था. इसाकसन बताते हैं कि तीर लगने के कुछ घंटों बाद ज़हर असर दिखाना शुरू करता था, जिससे जानवर थककर गिर जाता था.
शोध में पाया गया कि 10 में से 5 तीरों के फलकों पर ‘बुफैंड्रिन’ नामक विषैले यौगिक के अवशेष मौजूद थे. यह एक ऐसा ज़हर है, जो पौधों में पाया जाता है और पहले भी लगभग 250 साल पुराने ज़हरीले तीरों में इसकी मौजूदगी दर्ज की जा चुकी है. वहीं एक तीर के फलक पर ‘एपिबुफानिसिन’ नामक एक अन्य विषैले यौगिक के प्रमाण मिले. दोनों यौगिक संयोगवश नहीं, बल्कि जानबूझकर इस्तेमाल किए गए थे.
वैज्ञानिकों के मुताबिक, इतनी प्राचीन अवधि में एक ही स्थान से अलग-अलग विषैले यौगिकों का मिलना इस बात का पुख्ता प्रमाण है कि इन तीरों को विशेष रूप से शिकार के लिए ज़हरीला बनाया गया था. यह भी उल्लेखनीय है कि ये दोनों विषैले तत्व उसी बुफोन डिस्टिचा पौधे में पाए जाते हैं, जो आज भी दक्षिण अफ्रीका में आम है.
शोधकर्ताओं का कहना है कि इन ज़हरीले पौधों के यौगिकों की बहुत थोड़ी मात्रा भी 20–30 मिनट में एक चूहे जैसे छोटे जीव को मार सकती है. बड़े जानवरों के मामले में ज़हर का असर दिखाने में अधिक समय लगता है. मनुष्यों में यह ज़हर उलटी, सांस संबंधी समस्याएं और फेफड़ों पर असर डाल सकता है.
जोहान्सबर्ग यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर मार्लिज़ लोंबार्ड के अनुसार, “यह तीरों पर ज़हर के इस्तेमाल का अब तक का सबसे पुराना प्रमाण है. इससे साफ होता है कि दक्षिण अफ्रीका में रहने वाले हमारे पूर्वज न केवल ज़हरीले पौधों की पहचान जानते थे, बल्कि यह भी समझते थे कि ज़हर शरीर पर किस तरह और कितनी देर में असर करता है.”
यह खोज इस बात का ठोस संकेत है कि 60 हजार साल पहले भी इंसान में जटिल सोच, प्रयोग की क्षमता और शिकार का गहरा ज्ञान मौजूद था जो मानव सभ्यता के विकास को नए सिरे से समझने का आधार देता है.
Symbolic Photo