भूख: अफ्रीका-युद्धग्रस्त इलाकों में संकट गहरा- UN रिपोर्ट
न्यूयॉर्क । डेस्क: वैश्विक स्तर पर भूख और कुपोषण से जंग लड़ रही दुनिया के लिए संयुक्त राष्ट्र (UN) की नई रिपोर्ट एक मिली-जुली तस्वीर पेश करती है. एक तरफ जहां दुनिया भर में भूखे पेट सोने वाले लोगों की कुल संख्या में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, वहीं दूसरी ओर युद्ध, आर्थिक संकट और जलवायु परिवर्तन के थपेड़े झेल रहे क्षेत्रों में स्थिति अब भी बेहद चिंताजनक बनी हुई है. 'द स्टेट ऑफ फूड सिक्योरिटी एंड न्यूट्रिशन इन द वर्ल्ड' रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025 में वैश्विक स्तर पर भूखमरी का सामना करने वाले लोगों की संख्या घटकर लगभग 64.5 करोड़ रह गई है.
यह आंकड़ा वर्ष 2024 की तुलना में 1.4 करोड़ और 2022 के मुकाबले करीब 4.3 करोड़ कम है. कोरोना महामारी के दौरान दुनिया भर में तेजी से बढ़े भूखमरी के आंकड़ों के बाद यह लगातार तीसरा साल है जब स्थिति में सुधार देखा गया है. आंकड़ों के लिहाज से देखें तो 2025 में दुनिया की करीब 7.8 प्रतिशत आबादी ने भूख का सामना किया, जो 2024 के 8.1 प्रतिशत से कम है. इसके बावजूद, संकट अभी पूरी तरह टला नहीं है क्योंकि वर्तमान स्थिति अभी भी महामारी-पूर्व वर्ष 2019 के स्तर से ऊपर बनी हुई है.
अफ्रीका बना दुनिया का मुख्य 'हंगर हॉटस्पॉट':
भले ही एशिया और लातिन अमेरिका जैसे क्षेत्रों ने कुपोषण के आंकड़ों में सुधार दिखाया है, लेकिन अफ्रीका महाद्वीप की स्थिति अब भी बेहद नाज़ुक बनी हुई है. आंकड़ों के मुताबिक, 2025 में अफ्रीका के लगभग 30.9 करोड़ लोग कुपोषण के शिकार थे, जो वहां की कुल आबादी का 20 प्रतिशत यानी हर पांच में से एक व्यक्ति है.
यह आंकड़ा दुनिया भर के भूखे लोगों की कुल संख्या का लगभग आधा हिस्सा है. यद्यपि अफ्रीका में भूख का प्रतिशत 2024 के 20.3 प्रतिशत से थोड़ा घटकर 20% हुआ है, लेकिन तेजी से बढ़ती जनसंख्या के कारण भूखे लोगों की वास्तविक संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इसके विपरीत, एशिया में 29.2 करोड़ (6 प्रतिशत) और लातिन अमेरिका में 3.2 करोड़ लोग कुपोषण से प्रभावित हैं.
पौष्टिक भोजन की बढ़ती लागत और पहुंच का संकट:
रिपोर्ट का एक अन्य महत्वपूर्ण पहलू स्वस्थ और पौष्टिक आहार की पहुंच से जुड़ा है. यद्यपि स्वस्थ आहार न खरीद पाने वाले लोगों की वैश्विक संख्या 2021 के 2.97 अरब से घटकर 2025 में 2.69 अरब रह गई है, लेकिन पौष्टिक भोजन की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं.
क्रय शक्ति समानता (PPP) के आधार पर एक स्वस्थ आहार की वैश्विक दैनिक लागत बढ़कर 4.28 डॉलर पर पहुंच गई है. यह स्थिति सबसे अधिक अफ्रीका और एशिया को प्रभावित कर रही है. एशिया में सर्वाधिक 1.4 अरब लोग पौष्टिक भोजन की पहुंच से दूर हैं, वहीं अफ्रीका में महाद्वीप की करीब दो-तिहाई आबादी (1.03 अरब लोग) संतुलित आहार का खर्च उठाने में असमर्थ है.
क्या है 'हेल्दी डाइट बास्केट'?
खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) और विश्व बैंक के अनुसार, 'हेल्दी डाइट बास्केट' स्थानीय स्तर पर उपलब्ध उन सस्ते खाद्य पदार्थों का संयोजन है जो एक व्यक्ति की दैनिक ऊर्जा आवश्यकताओं और आवश्यक पोषक तत्वों की पूर्ति करता है. इसके तहत छह प्रमुख खाद्य समूहों की 11 वस्तुओं को शामिल किया गया है, जो प्रति व्यक्ति प्रतिदिन लगभग 2,330 किलोकैलोरी ऊर्जा प्रदान करती हैं.
युद्ध और संकटग्रस्त क्षेत्रों में भयावह होती अकाल जैसी स्थिति:
ग्लोबल रिपोर्ट ऑन फूड क्राइसेस 2026 के अनुसार, दुनिया भर में करीब 14 लाख लोग आपदा या अकाल के उच्चतम (IPC/CH फेज 5) स्तर का सामना कर रहे हैं. इस श्रेणी में वे लोग आते हैं जिनके पास जीवन जीने का कोई साधन नहीं बचा है और वे अत्यधिक भुखमरी व कुपोषण से जूझ रहे हैं.
गाजा पट्टी इस मामले में सबसे बुरी तरह प्रभावित है, जहां की 32 प्रतिशत आबादी (लगभग 6.4 लाख लोग) गंभीर खाद्य संकट झेल रही है. इजरायली सैन्य कार्रवाइयों और राहत सामग्री पर पाबंदियों के कारण वहां स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है.
सूडान में भी 6.37 लाख से अधिक लोग इस भयावह स्थिति का सामना कर रहे हैं. इसके अलावा दक्षिण सूडान, यमन, हैती और माली में भी हजारों लोग अकाल जैसी परिस्थितियों में जीने को मजबूर हैं.
संयुक्त राष्ट्र का अनुमान है कि 2030 तक वैश्विक स्तर पर कुपोषित लोगों की संख्या में 20 प्रतिशत की कमी आ सकती है, फिर भी दशक के अंत तक करीब 51 से 52 करोड़ लोग भूखे रह सकते हैं. भू-राजनीतिक तनाव और नए सैन्य संघर्ष इस दिशा में हुई प्रगति को फिर से बाधित कर सकते हैं.