हैदराबाद में ₹1.24 Cr का प्रतिबंधित चाइनीज मांझा जब्त, 143 गिरफ्तार
हैदराबाद । डेस्क: संक्रांति के त्योहार से पहले हैदराबाद पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ अपनी मुहिम तेज कर दी है. पुलिस ने शहर भर में छापेमारी कर 1.24 करोड़ रुपये मूल्य का भारी मात्रा में सिंथेटिक और नायलॉन का मांझा जब्त किया है.
इस मामले में अब तक 143 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और कुल 103 मामले दर्ज किए गए हैं. पुलिस कमिश्नर वी. सी. सज्जनार ने बताया कि बरामद किए गए 6,226 मांझा बॉबिन की बाजार में अनुमानित कीमत 1 करोड़ 24 लाख 52 हजार 000 रुपये है.
कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि सरकार ने इंसानों, पक्षियों और पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा होने के कारण चाइनीज मांझे पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है. उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध बिक्री, भंडारण या परिवहन करने वालों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जाएगी.
पुलिस ने उन व्यापारियों पर भी कड़ी नजर रखी है जो ई-कॉमर्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए चोरी-छिपे इसकी बिक्री कर रहे हैं.
गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह में इस मांझे की चपेट में आने से एक कांस्टेबल और एक छात्र सहित चार बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
पुलिस ने माता-पिता से भी अपील की है कि वे बच्चों को इसके खतरों से बचाएं, क्योंकि यह मांझा बिजली के झटकों और जानलेवा चोटों का कारण बन सकता है.