'मैं कोई मसीहा या गांधी नहीं, सिर्फ एक साधारण नागरिक हूं': सोनम वांगचुक
नई दिल्ली । डेस्क: शिक्षाविद् और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने खुद को 'आधुनिक गांधी' या कोई 'हीरो' मानने से साफ इनकार कर दिया है. दिल्ली के जंतर-मंतर पर परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आमरण अनशन पर बैठे वांगचुक ने देश की जनता से अपील की है कि वे किसी और में अपना नेता या हीरो तलाशने के बजाय खुद अपने जीवन के हीरो बनें और एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर अपनी भूमिका निभाएं.
कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले चल रहे इस विरोध प्रदर्शन का आज 22वां दिन है, जबकि सोनम वांगचुक के अनशन को 14 दिन पूरे हो चुके हैं.
सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में सोनम वांगचुक ने बताया कि भूख हड़ताल के कारण उनके शरीर की ऊर्जा कम हो रही है और वे थकान महसूस कर रहे हैं, लेकिन आंदोलन को लेकर उनका संकल्प अडिग है. मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, अनशन की शुरुआत से लेकर अब तक उनका वजन 7.5 किलोग्राम घट चुका है और उनका ब्लड प्रेशर 106/74 mm Hg रिकॉर्ड किया गया है.
सोशल मीडिया पर मिल रहे समर्थन के लिए लोगों का आभार जताते हुए वांगचुक ने कुछ टिप्पणियों पर असहजता व्यक्त की.
उन्होंने कहा, "कई लोग मुझे 21वीं सदी का गांधी या हीरो कह रहे हैं. ये बातें मुझे असहज करती हैं. मैं न तो गांधी हूं और न ही कोई हीरो. मैं बस एक साधारण नागरिक हूं जो अपनी जिम्मेदारियों को निभाने की कोशिश कर रहा है. दूसरों में हीरो ढूंढने के बजाय अपने अधिकारों और कर्तव्यों के लिए खुद आगे आएं."
सोनम वांगचुक ने परीक्षाओं में गड़बड़ियों और छात्रों की आत्महत्या के मामलों पर गहरी चिंता व्यक्त की. उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे इस मुद्दे पर मूकदर्शक न बने रहें.
उन्होंने कहा, "अगर इन छात्रों में से कोई आपका अपना होता, तो आप कब के सड़कों पर आ चुके होते. उस स्थिति का इंतजार न करें. अगर रोज नहीं आ सकते, तो कम से कम एक दिन के लिए जंतर-मंतर जरूर आएं. जो लोग दिल्ली नहीं आ सकते, वे जहां हैं वहीं से एक दिन का उपवास रखकर अपना समर्थन जताएं."
उन्होंने आगामी 20 जुलाई को संसद के मानसून सत्र के पहले दिन आयोजित होने वाले शांतिपूर्ण मार्च में लोगों से शामिल होने की अपील की है. वांगचुक ने कहा कि लोगों को उनकी तरह दिनों-दिन भूखा रहने की जरूरत नहीं है, वे खाना खाकर आएं लेकिन संसद मार्च का हिस्सा बनकर सांसदों तक छात्रों की आवाज पहुंचाएं.
इससे पहले वांगचुक ने स्पष्ट किया कि वे अपनी मर्जी से इस प्रदर्शन में शामिल हैं और उनके जीवन को कोई खतरा नहीं है. उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें प्रदर्शन स्थल से हटाने का कोई भी प्रयास उनके शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के संवैधानिक अधिकार का उल्लंघन होगा.
यह आंदोलन परीक्षाओं में जवाबदेही तय करने और लद्दाख से जुड़े मुद्दों के जल्द समाधान की मांग को लेकर जारी है.
गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी परीक्षा में कथित धांधली को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और पीड़ित छात्रों के परिवारों के लिए मुआवजे की मांग कर रही है. सीजेपी का यह आंदोलन 20 जून से शुरू हुआ था, जिसमें सोनम वांगचुक 28 जून को शामिल हुए और तब से वे लगातार भूख हड़ताल पर हैं.