'मैंने टाला भारत-पाक परमाणु युद्ध', ट्रंप का नोबेल पर दावा
नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले साल मई में हुए सैन्य तनाव को लेकर एक बार फिर बड़ा दावा किया है. एयर फोर्स वन विमान में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि उन्होंने दोनों देशों के बीच युद्ध को रुकवाया था और इस ऐतिहासिक मध्यस्थता के लिए उन्हें 'नोबेल शांति पुरस्कार' मिलना चाहिए था.
ट्रंप ने दावा किया कि दोनों देशों के बीच का यह विवाद एक परमाणु युद्ध में बदल सकता था, जिसे उन्होंने अपने हस्तक्षेप से रोका. अमेरिकी राष्ट्रपति ने बिना कोई विस्तृत जानकारी दिए यह भी कहा कि इस चार दिवसीय संघर्ष के दौरान दोनों पक्षों के कुल 11 लड़ाकू विमान मार गिराए गए थे.
ट्रंप के मुताबिक, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने खुद उन्हें 3 से 5 करोड़ लोगों की जान बचाने का श्रेय दिया था.
भारत ने दावों को किया सिरे से खारिज
दूसरी ओर, भारत सरकार ने अमेरिकी राष्ट्रपति के इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है. नई दिल्ली का हमेशा से यह रुख रहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच किसी भी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता की कोई गुंजाइश नहीं है.
भारतीय रक्षा सूत्रों के अनुसार, पिछले साल 7 मई को पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया था, जिसके तहत पाकिस्तान के नियंत्रण वाले इलाकों में आतंकी बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया था.
भारत का कहना है कि सैन्य कार्रवाई को रोकने का फैसला दोनों देशों के सैन्य संचालन महानिदेशकों (DGMO) के बीच हुई सीधी बातचीत के बाद लिया गया था, न कि किसी अमेरिकी मध्यस्थता के कारण. भारत ने यह भी स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय कार्रवाई में पाकिस्तान के कई एफ-16 विमानों सहित कम से कम एक दर्जन सैन्य विमान क्षतिग्रस्त या नष्ट हुए थे.