दीपक बैज के खिलाफ करूंगा एफआईआर- केदार
दंतेवाड़ा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा है कि पीसीसी चीफ दीपक बैज के खिलाफ एफआईआर करूंगा. उन्होंने मेरी व्यक्तिगत छवि को धूमिल करने की कोशिश की है. उनके इस कृत्य के लिए जवाब जरूर दिया जाएगा.
केदार कश्यप ने कहा कि दीपक बैज अपनी कुर्सी बचाएं, अनर्गल बयानबाजी ना करें. कांग्रेस मुद्दा विहीन है. वे इसी तरह की अनर्गल कहानियों को लाकर जनता को भ्रमित करते हैं. उन्हें व्यक्तिगत मामलों को लेकर बयानबाजी करने की बजाय वास्तविक मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए.
दरअसल, भाजपा जिला कार्यालय में वन मंत्री केदार कश्यप ने जीएसटी की घटी दरों को लेकर प्रेसवार्ता की.
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता के प्रति बेहद संवेदनशील हैं. टैक्स की मार झेल रही जनता को अब बहुत सहूलियत मिलेगी. जिन उत्पादों पर अलग-अलग टैक्स था वे घटा दिया गया है. कृषि, स्वास्थ्य से जुड़े उपकरणों पर जीएसटी दर शून्य प्रतिशत से लेकर 5 प्रतिशत तक कर दिया गया है. इसी तरह तमाम सारे उत्पादों पर जीएसटी दर को घटाया गया है.
मंत्री कश्यप ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा ही नहीं है. कांग्रेस में आपस में लड़ने वाले लोग हैं. दीपक बैज को पीसीसी चीफ के पद को संभाल नहीं पा रहे हैं. पार्टी उन्हें हटाने वाली है, इसलिए वह कुछ भी आरोप लगा रहे हैं. किसी के कहने पर किसी की छवि को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पत्थर बाजों की पार्टी है. इसीलिए देश और प्रदेश सबसे जनता ने उन्हें मुक्त कर दिया है. पहले विधानसभा फिर लोकसभा, नगरी निकाय और पंचायत चुनाव में जनता ने उन्हें खदेड़ दिया. अब उनके पास कोई चारा नहीं है. ऐसे लोगों को जनता छोड़ने वाली नहीं है.
बंगला घेरने निकले कांग्रेसियों की पुलिस से झूमाझटकी
इधर मंत्री केदार कश्यप पर एक कर्मचारी के साथ मारपीट करने के आरोप के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रदर्शन किया.
कांग्रेस कार्यकर्ता मंत्री बंगला घेरने जा रहे थे. गांधी मैदान कांग्रेस भवन से रैली निकालकर नगर निगम व्हाइट हाउस होते हुए मोतीबाग चौक की तरफ बढ़ रहे थे.
लेकिन मंत्री बंगले की ओर बढ़ने से पहले ही पुलिस ने बैरिकेड लगाकर कार्यकर्ताओं को मोतीबाग के पास रोक दिया.
इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झूमाझटकी भी हुई. कांग्रेसियों ने मंत्री केदार कश्यप के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर इस्तीफा देने की मांग की.