बस्तर में शबरी नदी में 12 घंटे तक फंसे व्यक्ति को IAF ने बचाया
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर के नदिगुफा-तेलवर्ती के पास शबरी नदी में बाढ़ के कारण 12 घंटे से अधिक समय तक फंसे एक व्यक्ति को भारतीय वायुसेना (आईएएफ), सुकमा जिला प्रशासन, पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने सोमवार को सुरक्षित बचा लिया.
जिला प्रशासन के अनुसार, सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तेज धारा और बड़े-बड़े पत्थरों के कारण मोटरबोट से व्यक्ति को निकालना असंभव हो गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, अधिकारियों ने ड्रोन की मदद से व्यक्ति की सटीक स्थिति का पता लगाया और भारतीय वायुसेना की बचाव इकाई को बुलाया.
कई घंटों तक चले इस जटिल बचाव अभियान में संयुक्त टीमों ने सफलतापूर्वक व्यक्ति को हेलीकॉप्टर के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला.
सुकमा के कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने कहा, "यह बचाव कार्य निकट समन्वय और त्वरित कार्रवाई का परिणाम है, जिसके कारण फंसे हुए व्यक्ति को सुरक्षित निकाला जा सका."
अधिकारियों ने बताया कि शबरी नदी में हाल की भारी बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति बनी हुई है, जिसके चलते जलस्तर और प्रवाह अभी भी काफी अधिक है, जिसने इस बचाव अभियान को और भी चुनौतीपूर्ण बना दिया.