रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

DMK-AIDMKK गठबंधन सरकार बना तो TVK के सभी 107 विधायक इस्तीफा दे देंगे- TVK

C

CG Khabar

08 मई 2026, 03:44 AM 3 मिनट में पढ़ें 9

विजय TVK
विजय TVK

चेन्नई । डेस्क: तमिलनाडु की राजनीति में जारी भारी उथल-पुथल के बीच अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी, 'तमिलगा वेत्री कड़गम' (TVK) ने एक बड़ा राजनीतिक दांव खेलने के संकेत दिए हैं. पार्टी सूत्रों के अनुसार, यदि द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) या अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) में से कोई भी गठबंधन सरकार बनाने की कोशिश करता है, तो TVK के सभी 107 विधायक सामूहिक रूप से इस्तीफा दे सकते हैं.


यह चेतावनी ऐसे समय में आई है, जब हालिया विधानसभा चुनावों के बाद राज्य में सरकार गठन को लेकर राजनीतिक गतिरोध बना हुआ है.

विज्ञापन


दरअसल, 234 सीटों वाली विधानसभा में TVK 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है (विजय के एक सीट छोड़ने के बाद प्रभावी संख्या 107). कांग्रेस के 5 विधायकों के समर्थन के साथ यह आंकड़ा 112 तक पहुँचता है, जो बहुमत के 118 के जादुई आंकड़े से महज 6 कदम दूर है. सीपीएम तथा पीपीआई के 2-2, PMK के 5 तथा BJP के 1 विधायक हैं.


इस बीच, रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि DMK (59 सीटें) और AIADMK (47 सीटें) ने विजय को सत्ता से बाहर रखने के लिए गुप्त बातचीत शुरू की है. 


TVK नेतृत्व का मानना है कि दोनों द्रविड़ पार्टियां उन्हें दरकिनार करने के लिए हाथ मिला रही हैं. पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि जनादेश बंटा हुआ जरूर है, लेकिन सबसे बड़े दल की अनदेखी नहीं की जा सकती. फिलहाल TVK अन्य छोटे दलों और वामपंथियों से समर्थन जुटाने की कोशिश कर रही है, लेकिन स्थिति अब भी अनिश्चित बनी हुई है.


उधर, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) ने गुरुवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर के उस निर्णय की तीखी आलोचना की, जिसमें उन्होंने 'तमिलगा वेट्री कज़गम' (TVK) के प्रमुख सी. जोसेफ विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं किया है. 


वामपंथी नेताओं ने इसे "अलोकतांत्रिक" और तमिलनाडु के मतदाताओं का "अपमान" करार दिया है.


सीपीएम महासचिव एम.ए. बेबी ने 1996 में केंद्र की अटल बिहारी वाजपेयी सरकार का उदाहरण देते हुए तर्क दिया कि सबसे बड़े दल के रूप में टीवीके को मौका मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि बहुमत का परीक्षण राजभवन में नहीं, बल्कि विधानसभा के पटल पर होना चाहिए. 


वहीं, सीपीआई महासचिव डी. राजा ने जोर देकर कहा कि राज्यपाल को बहुदलीय लोकतंत्र की परंपराओं का पालन करना चाहिए और सबसे बड़ी पार्टी को प्राथमिकता देनी चाहिए. गौरतलब है कि 234 सीटों वाली विधानसभा में टीवीके 108 सीटों के साथ सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है, जबकि डीएमके को 59 और एआईएडीएमके को 47 सीटें मिली हैं. 


त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति के बीच वाम दलों ने फिलहाल टीवीके को समर्थन देने पर स्थिति स्पष्ट नहीं की है, लेकिन भाजपा को रोकने की अपनी प्रतिबद्धता दोहरई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP