मंगल, 17 नव. 2026

CGKhabar

'दोनों कमाते हैं तो दोनों उठाएं खर्च': बॉम्बे हाईकोर्ट ने घटाया मेंटेनेंस

C

CG Khabar

28 जुल. 2026, 02:25 PM 2 मिनट में पढ़ें 21

हाईकोर्ट
हाईकोर्ट

मुंबई । डेस्क: बॉम्बे हाईकोर्ट ने एक पारिवारिक विवाद की सुनवाई करते हुए महत्वपूर्ण टिप्पणी की है कि जब पति और पत्नी दोनों कमाते हैं, तो घर और बच्चे की शिक्षा के खर्च में दोनों को योगदान देना चाहिए. अदालत ने स्पष्ट किया कि बराबरी का दावा चुनिंदा तरीके से नहीं किया जा सकता.


जस्टिस एम एम साठये की एकल पीठ ने फैमिली कोर्ट के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें एक व्यक्ति को अपनी अलग रह रही पत्नी और बेटे को हर महीने 50,000 रुपये का भरण-पोषण देने का निर्देश दिया गया था. हाईकोर्ट ने इस राशि को घटाकर 25,000 रुपये प्रति माह कर दिया है.

विज्ञापन


मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पाया कि याचिकाकर्ता पति दो मकानों की ईएमआई (EMI) भर रहा है-एक मुंबई के अंधेरी में जहां उसकी पत्नी और बेटा रह रहे हैं, और दूसरा नवी मुंबई के पनवेल में, जबकि वह खुद बिहार में रहकर नौकरी कर रहा है. 


पति ने पत्नी से बिहार साथ रहने या फिर पनवेल शिफ्ट होने का अनुरोध किया था ताकि वह अंधेरी का मकान बेचकर अपना वित्तीय बोझ कम कर सके, लेकिन पत्नी ने इनकार कर दिया.


अदालत ने कहा कि यदि पत्नी बिना कोई वित्तीय योगदान दिए अंधेरी जैसी प्रीमियम लोकेशन पर रहने का आनंद चाहती है, तो पति का मेंटेनेंस घटाने की मांग करना पूरी तरह वाजिब है. 


कोर्ट ने यह भी माना कि कोविड-19 महामारी के कारण पति की नौकरी छूट गई थी और अब वह कम वेतन पर काम कर रहा है. अदालत ने दोहराया कि जीवनशैली को बनाए रखने और बच्चे को बेहतर शिक्षा देने के लिए दोनों कामकाजी माता-पिता को जिम्मेदारी उठानी होगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP