वेनेजुएला के तेल पर US का कब्जा: किसे फायदा, किसे नुकसान?
यदि वेनेजुएला के तेल पर US का कब्जा: किसे फायदा, किसे नुकसान?
नई दिल्ली । डेस्क: मादुरो को गिरफ्तार करने के बाद यदि अमेरिका वेनेजुएला के तेल के भंडार पर कब्जा करता है तो किस देश को फायदा होगा तथा किस देश को नुकसान होगा? अमेरिका द्वारा वेनेजुएला की राजधानी कराकास पर हवाई हमलों के बाद वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लेकर अमेरिका ले जाने तथा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान कि अमेरिका फिलहाल वेनेजुएला को “चलाएगा” और उसके तेल भंडार पर नियंत्रण करेगा.
इन घटनाओं ने वैश्विक तेल बाज़ार में भूचाल ला दिया है.
वेनेजुएला के पास दुनिया का सबसे बड़ा प्रमाणित तेल भंडार है और अगर उसका तेल दोबारा बड़े पैमाने पर अंतर्राष्ट्रीय बाज़ार में लौटता है तो इससे कई देशों को फायदा होगा, जबकि कई को नुकसान उठाना पड़ सकता है.
अमेरिका को सबसे बड़ा फायदा
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे बड़ा लाभार्थी खुद अमेरिका हो सकता है. अमेरिकी ऊर्जा सूचना प्रशासन (EIA) के अनुसार वेनेजुएला के पास लगभग 303 अरब बैरल तेल भंडार है, जो वैश्विक कुल का करीब 17 प्रतिशत है. इसका बड़ा हिस्सा ओरिनोको बेल्ट में स्थित है और यह अधिकतर “हेवी” या “अल्ट्रा-हेवी” कच्चा तेल है.
अमेरिका के गल्फ कोस्ट और वेस्ट कोस्ट के कई रिफाइनरी संयंत्र ऐसे भारी, उच्च सल्फर वाले कच्चे तेल को प्रोसेस करने के लिए ही बनाए गए हैं. यही वजह है कि अमेरिका के लगभग 70 प्रतिशत रिफाइनिंग क्षमता के लिए भारी कच्चा तेल अधिक उपयुक्त माना जाता है. यदि वेनेजुएला का तेल अमेरिकी नियंत्रण में आता है तो अमेरिका को सस्ता और अनुकूल कच्चा तेल मिल सकता है.
इसके अलावा, अमेरिकी कंपनियों जैसे कॉनोकोफिलिप्स और एक्सॉनमोबिल को पुराने विवादों में अरबों डॉलर की भरपाई का मौका मिल सकता है. शेवरॉन पहले से ही वेनेजुएला में काम कर रही एकमात्र बड़ी अमेरिकी कंपनी है, जिसे विस्तार का सीधा लाभ मिल सकता है.
कनाडा पर नकारात्मक असर
कनाडा, अमेरिका को कच्चे तेल की आपूर्ति करने वाला सबसे बड़ा देश है और अमेरिकी आयात में उसकी हिस्सेदारी करीब 60 प्रतिशत है. कनाडा का अधिकांश तेल अल्बर्टा के ऑयल सैंड्स से आता है, जो गुणवत्ता में वेनेजुएला के भारी तेल से मिलता-जुलता है.
अगर वेनेजुएला का तेल फिर से अमेरिकी बाज़ार में तरजीह पाता है तो इससे कनाडा के तेल की कीमतों और बाज़ार हिस्सेदारी पर दबाव बढ़ सकता है. वेनेजुएला के भंडार अल्बर्टा से लगभग दोगुने हैं, जिससे कनाडा के लिए प्रतिस्पर्धा और कठिन हो सकती है.
ओपेक का सबसे बड़ा उत्पादक और प्रभावशाली सदस्य सऊदी अरब भी इस बदलाव से प्रभावित हो सकता है. वेनेजुएला, सऊदी अरब से भी अधिक तेल भंडार रखता है और ओपेक का संस्थापक सदस्य है, हालांकि वर्तमान में उसका वैश्विक उत्पादन में हिस्सा करीब 1 प्रतिशत ही है.
यदि अमेरिकी सहयोग से वेनेजुएला का उत्पादन तेज़ी से बढ़ता है, तो इससे ओपेक के जरिए सऊदी अरब की कीमत नियंत्रित करने की क्षमता कमजोर हो सकती है. हाल ही में ओपेक+ ने उत्पादन बढ़ोतरी पर रोक लगाने की घोषणा की है, लेकिन वेनेजुएला की वापसी इस संतुलन को बिगाड़ सकती है.
रूस पर कीमत और राजस्व का दबाव
रूस दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा कच्चा तेल निर्यातक है और उसकी अर्थव्यवस्था ऊर्जा निर्यात पर काफी निर्भर है. वेनेजुएला का तेल अगर बड़ी मात्रा में बाज़ार में आता है तो वैश्विक कीमतों पर दबाव पड़ेगा, जिससे रूस की आय और बाज़ार हिस्सेदारी प्रभावित हो सकती है. यूक्रेन युद्ध के चलते पहले से बढ़े सरकारी खर्च के बीच यह रूस के लिए आर्थिक चुनौती बन सकता है.
यूरोपीय संघ ने हाल के वर्षों में रूस पर निर्भरता घटाकर अमेरिका, नॉर्वे और कजाखस्तान से तेल आयात बढ़ाया है. अब अमेरिकी तेल यूरोप के लिए एक प्रमुख स्रोत बन चुका है.
अगर अमेरिका वेनेजुएला के तेल प्रवाह को नियंत्रित करता है, तो इससे यूरोप की आपूर्ति और कीमतों पर अमेरिकी प्रभाव और बढ़ सकता है. इससे यूरोपीय संघ के लिए ऊर्जा विविधीकरण की रणनीति जटिल हो सकती है.
चीन कभी वेनेजुएला के तेल का बड़ा खरीदार था, लेकिन हाल के वर्षों में उसकी निर्भरता काफी घट गई है. 2024 में चीन के कुल तेल आयात में वेनेजुएला का हिस्सा केवल 0.27 प्रतिशत था, जो 2025 में और कम हो गया.
हालांकि, चीन ने ऊर्जा सुरक्षा के लिए अपने स्रोतों को विविध बनाया है और नवीकरणीय ऊर्जा पर भी जोर दिया है. इसके बावजूद, चीनी कंपनियां वेनेजुएला में निवेश कर रही हैं. एक चीनी कंपनी लगभग एक अरब डॉलर का निवेश कर वहां उत्पादन बढ़ाने की योजना पर काम कर रही है.
इस तरह से, अगर अमेरिका वेनेजुएला के तेल पर नियंत्रण करता है, तो इससे अमेरिका को रणनीतिक और आर्थिक लाभ मिल सकता है, जबकि कनाडा, सऊदी अरब और रूस जैसे देशों को नुकसान झेलना पड़ सकता है.
यूरोप के लिए यह नई अनिश्चितता लाएगा और चीन पर इसका असर सीमित लेकिन महत्वपूर्ण रहेगा. कुल मिलाकर, यह कदम वैश्विक तेल राजनीति और बाज़ार संतुलन को नए सिरे से परिभाषित कर सकता है.