महासमुन्द में अवैध धान परिवहन: लापरवाही पर पटवारी निलंबित
रायपुर । संवाददाता: अवैध धान परिवहन के एक गंभीर मामले में लापरवाही बरतने पर तहसील बसना के पटवारी लालकृष्ण देवांगन को निलंबित कर दिया गया है. यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बसना द्वारा की गई है.
जानकारी के अनुसार, 21 दिसंबर 2025 की रात ग्राम उमरिया क्षेत्र में ओड़िशा नंबर के एक वाहन से 420 कट्टा धान का अवैध परिवहन किया जा रहा था. उस समय लालकृष्ण देवांगन तहसील बसना के पटवारी हल्का नंबर 20 में पदस्थ थे.
अवैध परिवहन की रोकथाम में गंभीर लापरवाही का यह मामला सामने आया, जिसका प्रकाशन दैनिक समाचार पत्रों में भी हुआ और इससे शासन-प्रशासन की छवि को नुकसान पहुंचा.
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए 8 जनवरी 2026 को संबंधित पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था. प्राप्त जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर यह स्पष्ट हुआ कि कर्तव्य निर्वहन में घोर लापरवाही बरती गई है.
इसके बाद छत्तीसगढ़ भू-अभिलेख नियमावली भाग-एक तथा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया.
निलंबन अवधि में पटवारी लालकृष्ण देवांगन का मुख्यालय तहसील कार्यालय बसना निर्धारित किया गया है. साथ ही, नियमानुसार उन्हें जीवन-निर्वाह भत्ता देय होगा.