इस्तीफे के बाद भी यशवंत वर्मा के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव?
नई दिल्ली । डेस्क: इलाहाबाद हाईकोर्ट के पूर्व जज जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ लाया गया महाभियोग प्रस्ताव एक बार फिर चर्चा में है. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा इस मामले की जांच समिति की रिपोर्ट को संसद के पटल पर रखने के फैसले ने एक नई संवैधानिक बहस को जन्म दे दिया है.
दरअसल, भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों से घिरे जस्टिस वर्मा ने इसी साल 9 अप्रैल को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि अब इस प्रस्ताव का कोई औचित्य नहीं रह गया है.
जस्टिस वर्मा के दिल्ली स्थित आधिकारिक आवास पर बेहिसाब नकदी मिलने के बाद पक्ष और विपक्ष के सांसदों ने एकजुट होकर उन्हें हटाने के लिए एक द्विदलीय नोटिस पर हस्ताक्षर किए थे. चौंकाने वाली बात यह है कि इस्तीफा देने के बावजूद इलाहाबाद हाईकोर्ट के आधिकारिक पोर्टल पर जजों की सूची में उनका नाम अब भी चौथे स्थान पर दिख रहा है.
इससे यह कयास लगाए जा रहे हैं कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शायद अभी तक उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है, जिसके कारण उनके महाभियोग की संभावनाएं तकनीकी रूप से बनी हुई हैं.
हालांकि, देश के जाने-माने संवैधानिक विशेषज्ञों की राय इससे बिल्कुल अलग है. वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश द्विवेदी ने इस पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उच्चतम न्यायालय के पांच जजों की पीठ ने 1978 के 'गोपाल चंद्र मिश्रा मामले' में यह साफ कर दिया था कि जैसे ही कोई जज राष्ट्रपति को अपना इस्तीफा भेजता है, वह उसी समय से पद पर नहीं माना जाता. इसके लिए इस्तीफा स्वीकार होने का इंतजार करना जरूरी नहीं है.
उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति पद पर ही नहीं है, उसे हटाने का कोई मतलब नहीं है और संसद में रिपोर्ट रखना महज एक राजनीतिक फैसला और औपचारिकता है.
वहीं, वरिष्ठ अधिवक्ता संजय हेगड़े ने भी इस पूरी प्रक्रिया को निरर्थक बताया है. उनका कहना है कि जब पूर्व जज अब अपने पद पर ही नहीं हैं, तो उन पर महाभियोग नहीं चलाया जा सकता. जांच समिति को भी उनके इस्तीफे के बाद अपनी कार्रवाई रोक देनी चाहिए थी.
हेगड़े ने यह भी सवाल उठाया कि चूंकि अब जस्टिस वर्मा को जज के रूप में मिलने वाली कोई संवैधानिक सुरक्षा प्राप्त नहीं है, तो सरकार इस मामले में सीधे आपराधिक मुकदमा (FIR) दर्ज कर पैसों के स्रोत की जांच क्यों नहीं कर रही है. फिलहाल इस मामले पर सरकार और विपक्ष दोनों ने चुप्पी साध रखी है, जिससे इस प्रस्ताव का भविष्य अभी भी अधर में लटका हुआ है.