बुध, 11 नव. 2026

CGKhabar

बेरोज़गारी की आग में झुलसता भारत

C

CG Khabar

04 जन. 2026, 01:17 AM 4 मिनट में पढ़ें 15

बेरोजगारी
बेरोजगारी

कोलकाता । डेस्क: देश में बेरोज़गारी एक बार फिर गंभीर चिंता का विषय बन गई है. साल के अंत में सामने आए आंकड़ों ने मोदी सरकार के रोजगार सृजन के दावों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. विशेषज्ञ संस्था सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी (CMIE) की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, दिसंबर महीने में भारत में औसत बेरोज़गारी दर बढ़कर 6.9 प्रतिशत हो गई है. नवंबर में यह दर 4.7 प्रतिशत थी. यानी महज एक महीने के भीतर बेरोज़गारी में 46 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.


यह आंकड़े ऐसे समय सामने आए हैं, जब केंद्र सरकार लगातार रोजगार मेलों, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना और बड़े-बड़े पैकेजों के ज़रिये नौकरी सृजन के दावे कर रही है. याद दिला दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था. 2024 से पहले 10 लाख नियुक्तियों की घोषणा भी की गई. 

विज्ञापन


इसके बाद स्वतंत्रता दिवस पर अगले दो वर्षों में साढ़े तीन करोड़ रोजगार पैदा करने के लिए एक लाख करोड़ रुपये की परियोजना का ऐलान किया गया. इन घोषणाओं को लेकर भाजपा ने बिहार विधानसभा चुनाव से लेकर पश्चिम बंगाल तक जमकर प्रचार किया. लेकिन ज़मीनी हकीकत इन वादों से मेल नहीं खा रही.


आर्थिक विशेषज्ञों का कहना है कि समस्या की जड़ स्थायी रोजगार की कमी है. केंद्र सरकार और निजी क्षेत्र में बड़ी संख्या में नियुक्तियां ठेका और अस्थायी आधार पर की जा रही हैं. इससे न तो नौकरी की सुरक्षा मिलती है और न ही साल भर नियमित काम.


विशेषज्ञों के मुताबिक, साल के अंत में ग्रामीण इलाकों में यह संकट और गहरा जाता है. इस समय ठेके पर काम करने वाले मज़दूरों और कर्मचारियों को काम मिलने की संभावना कम हो जाती है. नियोक्ता इस अवधि में उत्पादन से ज़्यादा कर्ज़ चुकाने और लागत घटाने पर ज़ोर देते हैं, जिससे दैनिक मज़दूरी पर काम देने की प्रवृत्ति भी घट जाती है.


कोलकाता विश्वविद्यालय की अर्थशास्त्र की प्रोफेसर महालय चटर्जी का कहना है कि दिसंबर में बेरोज़गारी बढ़ना कोई आश्चर्य की बात नहीं है. उनके शब्दों में, “अगर देश में स्थायी रोजगार होता, तो साल के अंत में बेरोज़गारी दर में इतनी तेज़ बढ़ोतरी नहीं होती. बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन स्थायी नौकरियां कहां हैं?”


उन्होंने केंद्र सरकार के पीरियोडिक लेबर फोर्स सर्वे (PLFS) का हवाला देते हुए कहा कि सरकारी आंकड़ों में महिलाओं के रोजगार में बढ़ोतरी दिखाई जाती है, लेकिन उनमें से अधिकतर नौकरियां अस्थायी हैं.


“ऐसे में सवाल यह है कि ये नौकरियां कितनी सुरक्षित हैं और क्या महिलाओं को हर महीने नियमित काम मिल पा रहा है या नहीं,” उन्होंने कहा.


नवंबर में शहरी और ग्रामीण इलाकों की बेरोज़गारी दर में खास अंतर नहीं था. हालांकि CMIE की रिपोर्ट के अनुसार, जून और अक्टूबर में बेरोज़गारी दर अपेक्षाकृत अधिक रही.


वहीं केंद्र सरकार के PLFS सर्वे में दावा किया गया कि जून और अक्टूबर में बेरोज़गारी दर क्रमशः 5.6 प्रतिशत और 5.2 प्रतिशत थी. सरकार का कहना है कि जून से नवंबर के बीच बेरोज़गारी दर 5 से 5.6 प्रतिशत के दायरे में ही रही.


यहीं से बड़ा सवाल उठता है. विशेषज्ञों का कहना है कि जब अन्य स्वतंत्र और अंतर्राष्ट्रीय संस्थाएं बेरोज़गारी को कहीं ज़्यादा दिखा रही हैं, तो केंद्र सरकार के आंकड़ों में दर कम क्यों दिखाई देती है? क्या परिभाषा बदल दी गई है, या फिर अस्थायी और अनियमित काम को भी रोजगार मान लिया गया है?


विश्लेषकों का मानना है कि अगर रोजगार नीति में बुनियादी बदलाव नहीं हुआ, अगर ठेका और अस्थायी नौकरियों के बजाय स्थायी, सुरक्षित और सम्मानजनक रोजगार पर ज़ोर नहीं दिया गया, तो आने वाले महीनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं.


दिसंबर के आंकड़े इस बात का साफ संकेत हैं कि देश में बेरोज़गारी अब सिर्फ आर्थिक नहीं, बल्कि राजनीतिक और सामाजिक चुनौती बन चुकी है. सवाल यही है क्या सरकार सिर्फ घोषणाओं तक सीमित रहेगी, या ज़मीनी स्तर पर सचमुच नौकरियां पैदा होंगी?

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
WHO
खबर खास

विश्व में 3,000 से अधिक मौतों के बावजूद WHO को 2030 तक हैजा 90% तक घटाने की उम्मीद

5 घंटे पहले

सुप्रीम कोर्ट
खबर खास

पिता के रहते दादा की पैतृक जायदाद में पोता नहीं मांग सकता अपना हिस्सा: SC

15 घंटे पहले

डोनाल्ड ट्रंप- राष्ट्रपति अमेरिका
खबर खास

आसमान में F-22 से तीन गुना तेज गोल उड़नतश्तरी: क्या ट्रंप ने पहली बार मान ली UFO की बात?

17 घंटे पहले

जेन्सन हुआंग और  एलिस हुआंग- एक डिनर के दौरान ताईपेई में दिनांक May 22, 2025
खबर खास

Nvidia प्रमुख के प्रेम प्रसंग की स्वीकारोक्ति के बाद सिलिकॉन वैली से सिंगापुर तक हड़कंप

एक दिन पहले

AI Generated Photo
खबर खास

मिर्गी के इलाज में ऐतिहासिक सफलता: चेमोजेनेटिक थेरेपी और 'मॉलिक्यूलर स्विच' से दौरे बंद

4 दिन पहले

क्रिस्टियानो रोनाल्डो-  पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर
खबर खास

234 मैच, 146 गोल और 23 सालों की दास्तान: रोनाल्डो ने पुर्तगाल की 7 नंबर जर्सी को कहा अलविदा

5 दिन पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP