बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

भारत के पास अमेरिका-चीन से भी बड़ा सोने का खजाना

C

CG Khabar

18 मई 2026, 04:03 AM 3 मिनट में पढ़ें 26

सोना
सोना

नई दिल्ली । डेस्क: देश के विदेशी मुद्रा भंडार (फॉरेक्स रिजर्व) को सुरक्षित रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अगले एक साल तक सोना खरीदने में संयम बरतने की अपील की है. सोना सीधे तौर पर देश की अर्थव्यवस्था को प्रभावित करता है.


सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस समय भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के पास करीब 880 टन सोना जमा है. लेकिन दिलचस्प बात यह है कि इससे कई गुना अधिक सोना भारत के अनगिनत मंदिरों और घरों में मौजूद है.

विज्ञापन


अगर इस सोने के आंकड़ों को देखा जाए, तो अमेरिका और चीन जैसी महाशक्तियां भी भारत के सामने फीकी नजर आएंगी.


आइए जानते हैं भारत के इस विशाल स्वर्ण भंडार से जुड़े चार बड़े पहलू:


1. आम जनता और मंदिरों के पास हजारों टन सोना


'वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल' की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय नागरिकों और देश के मंदिरों को मिलाकर कुल सोने की मात्रा 30 हजार टन से भी अधिक है. इसमें से लगभग 4,000 से 5,000 टन सोना सिर्फ मंदिरों के पास है, जबकि करीब 25,000 टन सोना आम घरों (गृहणियों) में सुरक्षित है. इसकी तुलना में दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था अमेरिका के पास मात्र 8,931 टन सोना है. हालांकि, समस्या यह है कि भारत का यह सोना मुख्य अर्थव्यवस्था से बाहर है, जिसका सरकार के पास कोई सीधा हिसाब नहीं है. मिनेसोटा विश्वविद्यालय के प्रोफेसर बर्टन स्टेन के एक शोध के अनुसार, भारत के मंदिर एक बड़ी आर्थिक शक्ति हैं, जो देश के विकास में अहम भूमिका निभा सकते हैं.


2. भारतीय मंदिरों की विशाल 'गोल्ड इकोनॉमी'


विभिन्न स्रोतों के दावों के अनुसार, केरल का पद्मनाभस्वामी मंदिर देश का सबसे अमीर मंदिर है, जिसके पास लगभग 1,300 टन सोना है. इसके बाद आंध्र प्रदेश के तिरुपति तिरुमला मंदिर में 11,329 किलोग्राम (लगभग 11.3 टन) सोना जमा है. इसके अलावा, शिरडी साईं मंदिर के पास 380 किलो, मदुरै के मीनाक्षी मंदिर के पास 300 किलो और पुरी के जगन्नाथ मंदिर के पास 150 किलो सोना होने का अनुमान है. देश के अन्य छोटे-बड़े मंदिरों को मिला लिया जाए, तो यह आंकड़ा 5,000 टन तक पहुंच जाता है.


3. क्या होगा अगर यह सोना देश की मुख्य अर्थव्यवस्था में आ जाए?


यदि मंदिरों में रखा यह सोना किसी तरह भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के सरकारी खजाने में शामिल हो जाता है, तो देश का आधिकारिक स्वर्ण भंडार बढ़कर 4,880 टन हो जाएगा. वहीं, अगर देश के नागरिक भी अपने सोने का एक हिस्सा देशहित में लगा दें, तो यह आंकड़ा 30 हजार टन को पार कर जाएगा. ऐसी स्थिति में भारत की जीडीपी (GDP) और आर्थिक ताकत अमेरिका व चीन को भी बहुत पीछे छोड़ देगी, हालांकि व्यावहारिक रूप से इसे पूरी तरह लागू करना एक बड़ी चुनौती है.


4. संकट के समय हमेशा आगे रहे हैं देश के मंदिर


भारत के मंदिरों का संकटकाल में देश का साथ देने का एक पुराना इतिहास रहा है. साल 1965 के आर्थिक संकट के दौरान तिरुपति मंदिर ने भारत सरकार को 125 किलोग्राम सोना दान किया था, जिससे देश को बड़ी मदद मिली थी. हाल ही में, वर्ष 2025 में तमिलनाडु के 21 मंदिरों ने राज्य सरकार को कुल 1,000 किलोग्राम सोना सौंपा, जिससे सरकार को सालाना करोड़ों रुपये का ब्याज मिल रहा है.


'इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन' (IBJA) ने भी यह सुझाव दिया है कि मंदिर ट्रस्टों के पास मौजूद सोने में से कम से कम 1,000 टन सोने को 'गोल्ड मोनेटाइजेशन स्कीम' (स्वर्ण नगदीकरण योजना) के तहत लाया जाना चाहिए. इससे सोने का आयात कम होगा और देश का विदेशी मुद्रा भंडार मजबूत रहेगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP