रूसी तेल आयात अगस्त में 20 लाख बैरल प्रतिदिन
नई दिल्ली । डेस्क: भारत का रूसी तेल आयात अगस्त में बढ़कर 20 लाख बैरल प्रतिदिन हो गया है, क्योंकि रिफाइनरियां आर्थिक लाभ को प्राथमिकता दे रही हैं. वैश्विक डेटा प्रदाता केपलर के अनुसार, अगस्त के पहले हफ्ते में आयातित 52 लाख बैरल तेल में से 38% रूस से आया. जुलाई में यह 16 लाख बैरल था.
रूसी तेल की हिस्सेदारी बढ़ने से इराक और सऊदी अरब से आयात घटा है. इराक से 7.3 लाख बैरल और सऊदी अरब से 5.26 लाख बैरल प्रतिदिन आयात हुआ. अमेरिका 2.64 लाख बैरल के साथ पांचवां सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता रहा.
केपलर के विश्लेषक सुमित रितोलिया ने बताया कि अगस्त के आयात जून-जुलाई में तय हुए थे, इसलिए ट्रम्प प्रशासन के 25% अतिरिक्त टैरिफ के प्रभाव सितंबर-अक्टूबर में दिख सकते हैं.
भारतीय तेल निगम (आईओसी) के अध्यक्ष अरविंदर सिंह साहनी ने कहा कि सरकार ने रूसी तेल खरीद में कोई बदलाव का निर्देश नहीं दिया है.
बीपीसीएल के निदेशक वेत्सा रामकृष्ण गुप्ता ने बताया कि रूसी तेल पर छूट घटकर 1.5 डॉलर प्रति बैरल हो गई थी, जो अब 2 डॉलर से अधिक हो गई है.
रिफाइनरियां अब अमेरिका, पश्चिम अफ्रीका और लैटिन अमेरिका से तेल खरीदने पर विचार कर रही हैं, लेकिन रूसी तेल की जगह पूरी तरह लेना अभी संभव नहीं है. साहनी ने कहा, "जब तक प्रतिबंध नहीं लगते, हम आर्थिक आधार पर रूसी तेल खरीदना जारी रखेंगे."