Grok AI द्वारा आपत्तिजनक तस्वीरें बनाने पर भारत सरकार सख्त
नई दिल्ली । डेस्क: भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पूर्व में ट्विटर) को अपने AI चैटबॉट 'Grok' की व्यापक समीक्षा और ऑडिट करने का कड़ा निर्देश दिया है. यह कार्रवाई उन रिपोर्टों के बाद की गई है जिनमें आरोप लगाया गया था कि Grok का उपयोग महिलाओं की तस्वीरों को मॉर्फ करने और उनके साथ छेड़छाड़ कर अश्लील सामग्री बनाने के लिए किया जा रहा है.
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि AI के माध्यम से इस तरह की अपमानजनक सामग्री का प्रसार न केवल अनैतिक है, बल्कि आईटी अधिनियम और आईटी नियम, 2021 का सीधा उल्लंघन भी है.
राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी द्वारा आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखे गए शिकायत पत्र के बाद मंत्रालय ने यह कदम उठाया.
मंत्रालय ने 'X' के मुख्य अनुपालन अधिकारी को भेजे पत्र में चेतावनी दी है कि प्लेटफॉर्म को सोमवार, 5 जनवरी 2026 तक एक 'एक्शन टेकन रिपोर्ट' जमा करनी होगी.
यदि कंपनी इन निर्देशों का पालन करने में विफल रहती है, तो उसे आईटी एक्ट, भारतीय न्याय संहिता (BNS) और अन्य कानूनों के तहत गंभीर कानूनी परिणामों का सामना करना पड़ सकता है.
आईटी मंत्री ने जोर देकर कहा कि सोशल मीडिया कंपनियों को अपने प्लेटफॉर्म पर मौजूद कंटेंट की पूरी जिम्मेदारी लेनी होगी और सुरक्षा मानकों के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा.