दुनिया में भारतीय चावल का डंका: चीन को पछाड़कर नंबर-1 बना भारत
नई दिल्ली । डेस्क: भारत ने वैश्विक चावल बाजार में अपनी बादशाहत कायम करते हुए एक नया इतिहास रच दिया है. हालिया आंकड़ों के अनुसार, भारत अब दुनिया का सबसे बड़ा चावल उत्पादक देश बन गया है, जिसने इस मामले में चीन को भी पीछे छोड़ दिया है. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के अनुसार, चीन के 14.5 करोड़ टन के मुकाबले भारत ने 15 करोड़ टन चावल का उत्पादन कर एक अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की है.
उत्पादन के साथ-साथ निर्यात के मोर्चे पर भी भारत का दबदबा बरकरार है. वैश्विक चावल निर्यात में भारत की हिस्सेदारी 19.4 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जो थाईलैंड, वियतनाम और पाकिस्तान के कुल निर्यात से भी अधिक है.
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले एक साल में भारत ने कुल 2.15 करोड़ टन चावल का निर्यात किया है. इसमें बासमती चावल के निर्यात में जहाँ 8 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, वहीं गैर-बासमती उबले हुए चावल (सेला चावल) की मांग सबसे अधिक रही है.
भारत सरकार द्वारा पिछले दिनों निर्यात पर से प्रतिबंध हटाने के बाद विदेशों में भारतीय चावल की आपूर्ति में भारी उछाल आया है.
भारत के चावल निर्यात की सबसे बड़ी विशेषता इसकी प्रतिस्पर्धी कीमतें हैं, जिसने इसे बांग्लादेश, बेनिन, कैमरून और आइवरी कोस्ट जैसे देशों के लिए सुलभ बना दिया है. इसके अलावा ईरान, यूएई और ब्रिटेन जैसे संपन्न देशों ने भी भारत से चावल की खरीदारी बढ़ानी शुरू कर दी है.
विशेष रूप से पड़ोसी देश बांग्लादेश के साथ जारी राजनीतिक उतार-चढ़ाव और कूटनीतिक तनाव के बावजूद, भारत ने वहां चावल की आपूर्ति जारी रखी है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि व्यापारिक संबंध राजनीतिक स्थितियों से ऊपर बने हुए हैं.
हालांकि, साल 2023 और 2024 के दौरान घरेलू बाजार में कीमतों को नियंत्रित करने के लिए केंद्र सरकार ने निर्यात पर कुछ समय के लिए प्रतिबंध लगाया था, लेकिन प्रतिबंध हटते ही भारत ने फिर से वैश्विक बाजार में अपना शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है. कृषि मंत्रालय ने इसे भारत की 'खाद्य सुरक्षा' से 'वैश्विक खाद्य प्रदाता' बनने की दिशा में एक बड़ी छलांग बताया है.