अमेरिका नई दिल्ली की 'रेड लाइन्स' का सम्मान करे- जयशंकर
नई दिल्ली । डेस्क: विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रविवार को कहा कि भारत और अमेरिका के बीच किसी भी व्यापार समझौते को नई दिल्ली की "रेड लाइन्स" का सम्मान करना होगा. और दोनों पक्ष "लैंडिंग ग्राउंड" खोजने के प्रयास कर रहे हैं.
अमेरिका की टैरिफ नीति के कारण दोनों देशों के संबंधों में तनाव के बीच जयशंकर ने कौटिल्य इकोनॉमिक एन्क्लेव में आयोजित चर्चा में कहा कि व्यापार वार्ता में अभी तक सहमति न बन पाने से भारत पर 50 प्रतिशत तक टैरिफ लगाए गए हैं, जिसमें रूस से कच्चे तेल खरीदने पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत शुल्क शामिल है.
जयशंकर ने इसे "अनुचित" बताते हुए कहा, "अमेरिका दुनिया का सबसे बड़ा बाजार है, इसलिए व्यापार समझौता जरूरी है, लेकिन हमारी बॉटमलाइन्स का सम्मान होना चाहिए."
उन्होंने स्पष्ट किया कि मार्च से चल रही बातचीत जारी है, और संबंधों के अन्य आयामों पर असर नहीं पड़ा है.
भारत-अमेरिका ने हाल ही में कुछ हफ्तों के ब्रेक के बाद व्यापार वार्ता फिर शुरू की है.