इंदौर के महू में दूषित पानी का कहर: 22 से ज्यादा लोग बीमार
भोपाल । डेस्क: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में एक बार फिर दूषित पानी पीने से हड़कंप मच गया है. ताजा मामला महू का है जो इंदौर शहर से 25 किलोमीटर दूरी पर है. वहां जहरीला पानी पीने से कम से कम 22 लोगों के बीमार होने की खबर है. स्थानीय निवासियों का दावा है कि प्रदूषित जल के सेवन के तुरंत बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी.
अब तक नौ लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य का घर पर ही इलाज चल रहा है. हालांकि, आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि प्रभावितों की संख्या 25 को पार कर चुकी है और जैसे-जैसे समय बीत रहा है, अलग-अलग इलाकों से मरीजों के आने का सिलसिला जारी है.
गुरुवार रात से ही बीमारों की संख्या बढ़ने पर प्रशासनिक महकमे में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही जिलाधिकारी शिवम वर्मा ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के सख्त निर्देश दिए.
शुक्रवार सुबह से स्वास्थ्य विभाग की एक विशेष टीम प्रभावित क्षेत्र में तैनात है, जो घर-घर जाकर लोगों की जांच कर रही है और गंभीर मरीजों को अस्पताल शिफ्ट करने का प्रबंध कर रही है.
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही इंदौर के भागीरथपुरा में पाइपलाइन फटने और उसमें शौचालय का गंदा पानी मिलने से बड़ी त्रासदी हुई थी, जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी. अब महू में दोबारा हुई इस घटना ने स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.