ईरान ने जॉर्डन के सैन्य ठिकाने पर दागीं 10 बैलिस्टिक मिसाइलें
तेहरान । डेस्क: ईरान के दक्षिणी तटीय और पूर्वी प्रांतों पर अमेरिकी हवाई हमलों के जवाब में ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने जॉर्डन स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकाने 'अजराक' पर 10 बैलिस्टिक मिसाइलें दाग दी हैं. इस भीषण हमले के बाद दोनों देशों के बीच महज तीन हफ्ते पुराना संघर्षविराम टूटने की कगार पर पहुंच गया है.
जॉर्डन की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि उसने ईरान की ओर से दागी गई 8 मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया है, और इस हमले में किसी के हताहत होने या नुकसान की खबर नहीं है.
ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बागेर गालिबफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए अमेरिका को चेतावनी दी है कि 'धौंस जमाने और वादे तोड़ने' के दिन अब लद चुके हैं.
उन्होंने साफ लफ्जों में कहा, "अगर आप हमला करेंगे, तो आपको भी चोट खानी पड़ेगी." इसके साथ ही उन्होंने पाकिस्तान के सेना प्रमुख से फोन पर बात कर अमेरिकी कार्रवाई को 'इस्लामाबाद समझौते' का खुला उल्लंघन बताया है.
ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, 8 और 9 जुलाई को हुए अमेरिकी हमलों में 14 लोगों की मौत हुई है और 78 घायल हुए हैं. इन हमलों में एक रणनीतिक रेल ब्रिज को भी निशाना बनाया गया है, जिसका इस्तेमाल रूस और चीन के साथ व्यापार के लिए होता था.
तनाव की शुरुआत इस हफ्ते की शुरुआत में ओमान की खाड़ी और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तीन तेल टैंकरों पर हुए हमलों से हुई थी, जिसका आरोप अमेरिका ने ईरान पर मढ़ा था. इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस अंतरिम युद्धविराम को 'खत्म' घोषित करते हुए ईरान के बुशहर और बंदर अब्बास जैसे तटीय शहरों पर हमले के आदेश दिए.
बुशहर में स्थित रूस निर्मित परमाणु ऊर्जा संयंत्र के करीब भी एक अमेरिकी मिसाइल गिरी है. ट्रंप ने नाटो शिखर सम्मेलन के बाद सोशल मीडिया पर हमलों के वीडियो साझा करते हुए चेतावनी दी कि अगर ईरान ने दोबारा जहाजों को निशाना बनाया, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे.
साथ ही उन्होंने ईरान के बिजली संयंत्रों, जल शोधन केंद्रों और उसके 90 प्रतिशत तेल निर्यात के केंद्र 'खार्ग द्वीप' को जब्त करने की भी धमकी दी है. इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराक्ची ने स्थिति को बेकाबू होने से रोकने के लिए तुर्किये और ओमान के विदेश मंत्रियों से आपातकालीन फोन वार्ता कर कूटनीतिक रास्ते तलाशने पर जोर दिया है.