ईरान का नोबिटेक्स: प्रतिबंधों के बीच वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए बना गुप्त रास्ता
नई दिल्ली । डेस्क: ईरान के सत्ता प्रतिष्ठान और वहां की अर्थव्यवस्था के बीच गहरे संबंधों का एक ऐसा सनसनीखेज खुलासा हुआ है जिसने अंतरराष्ट्रीय जगत में हलचल मचा दी है. एक हालिया खोजी जांच में यह सामने आया है कि ईरान का सबसे बड़ा क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज 'नोबिटेक्स', वास्तव में देश के सबसे शक्तिशाली और रसूखदार 'खराज्जी परिवार' के बेटों द्वारा नियंत्रित किया रहा है. यह वही परिवार है जिसके संबंध ईरान के वर्तमान और नए सर्वोच्च नेता मोज्तबा खामेनेई के साथ बेहद करीबी और पारिवारिक हैं. रॉयटर्स की इस रिपोर्ट ने उन दावों को पुख्ता कर दिया है कि कैसे यह एक्सचेंज एक स्टार्टअप की आड़ में प्रतिबंधित सरकारी संस्थानों और साधारण नागरिकों के लिए वैश्विक अर्थव्यवस्था में प्रवेश करने का एक गुप्त मार्ग बन गया है.
सत्ता के केंद्र में खराज्जी भाई और उनकी गुप्त पहचान
नोबिटेक्स की स्थापना अली और मोहम्मद खराज्जी नामक दो भाइयों ने एक वैकल्पिक उपनाम 'आगामीर' के तहत की थी, ताकि वे अपने प्रभावशाली वंश से दूरी बनाए रख सकें. आज यह एक्सचेंज ईरान की अर्थव्यवस्था में इस कदर रच-बस गया है कि इसके 1.1 करोड़ से अधिक उपयोगकर्ता हैं, जो ईरान की कुल जनसंख्या का लगभग 10 प्रतिशत हिस्सा है. अंतरराष्ट्रीय बैंकिंग प्रणाली से पूरी तरह कटे हुए और गिरती मुद्रा के बीच आम ईरानियों के लिए यह एक्सचेंज अपनी बचत बचाने का एकमात्र सहारा बना हुआ है. कंपनी के भीतर भी इन भाइयों ने अपनी असली पहचान को बेहद गोपनीय रखा था, यहाँ तक कि उनके पुराने सहकर्मी और दोस्त भी उनके असली वंश से अनजान थे. हालांकि, तकनीकी जांच और पुराने डिजिटल रिकॉर्ड के मिलान से पता चला कि भाइयों ने नोबिटेक्स के पंजीकरण के दौरान उन ईमेल का उपयोग किया था जो उनके पिता की धार्मिक संस्थाओं से जुड़े थे.
प्रतिबंधों को दरकिनार करने वाला 'छाया बैंकिंग' तंत्र
जांच में पाया गया है कि नोबिटेक्स ने ईरान के केंद्रीय बैंक और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) जैसे भारी प्रतिबंधों का सामना कर रहे समूहों से जुड़े करोड़ों डॉलर के लेनदेन को संसाधित किया है. यह खुलासा ऐसे समय में हुआ है जब ईरान एक नाजुक राजनीतिक दौर से गुजर रहा है, जहाँ पूर्व सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मृत्यु के बाद उनके बेटे मोज्तबा ने कमान संभाली है और IRGC ने अर्थव्यवस्था पर अपनी पकड़ और भी मजबूत कर ली है. खराज्जी भाई इसी शासक वर्ग की तीसरी पीढ़ी का हिस्सा हैं और उनका परिवार न केवल राजनीतिक रूप से प्रभावशाली है, बल्कि वैवाहिक संबंधों के माध्यम से ईरान के तीनों सर्वोच्च नेताओं अयातुल्ला खुमैनी, दिवंगत खामेनेई और वर्तमान मोज्तबा खामेनेई से जुड़ा हुआ है.
वैश्विक सुरक्षा के लिए 'फैशिंग रेड लाइट'
रिपोर्ट के अनुसार, नोबिटेक्स वैश्विक क्रिप्टो बाजारों के लिए एक केंद्रीय नोड के रूप में कार्य करता है, जो ईरान को पारंपरिक बैंकिंग चैनलों के बाहर अपने सहयोगियों को धन भेजने की सुविधा देता है. ताज्जुब की बात यह है कि ईरान पर पश्चिमी देशों के कड़े प्रतिबंधों के बावजूद, नोबिटेक्स अब तक अमेरिकी प्रतिबंधों की सूची से बाहर रहा है और खराज्जी परिवार के किसी भी सदस्य पर अब तक कोई पाबंदी नहीं लगाई गई है. अमेरिका में सीनेटर एलिजाबेथ वारेन जैसे नेताओं ने इसे एक बड़ी चेतावनी या 'फ्लैशिंग रेड लाइट' माना है, जो दिखाता है कि कैसे डिजिटल संपत्तियों का उपयोग वैश्विक वित्तीय प्रणाली को दरकिनार करने के लिए किया जा रहा है.
युद्ध और ब्लैकआउट के बीच अटूट संचालन
ईरान-इजरायल युद्ध और वहां लगे इंटरनेट ब्लैकआउट के दौरान भी नोबिटेक्स का सुचारू रूप से चलना इसके शक्तिशाली संबंधों की पुष्टि करता है. जब आम जनता के लिए इंटरनेट बंद था, तब भी नोबिटेक्स 'व्हाइटलिस्ट' का हिस्सा होने के कारण सक्रिय रहा और इस दौरान भारी मात्रा में धन का लेनदेन हुआ. हालांकि, नोबिटेक्स ने इन सभी आरोपों का खंडन करते हुए खुद को एक स्वतंत्र निजी व्यवसाय बताया है और सरकार के साथ किसी भी समझौते से इनकार किया है. लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान जैसे नियंत्रित देश में बिना सरकारी सरपरस्ती के इतना बड़ा व्यवसाय चलाना नामुमकिन है. अंततः, तकनीक और पारिवारिक रसूख के मेल ने ईरान को एक ऐसा डिजिटल हथियार दे दिया है, जो पश्चिमी प्रतिबंधों को बेअसर करने की क्षमता रखता है.