ईरान प्रदर्शन: ट्रंप ने कहा- अमेरिका मदद के लिए है 'लॉक्ड एंड लोडेड'
वॉशिंगटन । डेस्क: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में जारी भीषण विरोध प्रदर्शनों को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए तेहरान को चेतावनी दी है. शुक्रवार को एक ट्रुथ सोशल पोस्ट में ट्रंप ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि ईरान शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाता है या उनकी हत्या करता है, तो संयुक्त राज्य अमेरिका उनकी रक्षा के लिए आगे आएगा.
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी पोस्ट में सैन्य तत्परता का संकेत देते हुए कहा, "हम पूरी तरह तैयार (लॉक्ड एंड लोडेड) हैं."
यह बयान ईरान के उन प्रदर्शनों के जवाब में आया है जो आर्थिक तंगी, मुद्रा की गिरती कीमत और बढ़ती महंगाई के कारण पिछले रविवार से शुरू हुए थे.
देखते ही देखते ये प्रदर्शन पूरे देश में फैल गए और सुरक्षा बलों के साथ हुई झड़पों में अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है. ईरान में तीन वर्षों में यह अब तक का सबसे बड़ा विद्रोह माना जा रहा है.
दूसरी ओर, ईरान के सर्वोच्च नेता के सलाहकार लारीजानी ने ट्रंप की इस चेतावनी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि अमेरिका को यह जान लेना चाहिए कि ईरान के आंतरिक मुद्दों में किसी भी तरह का हस्तक्षेप पूरे क्षेत्र में अराजकता फैला सकता है.
गौरतलब है कि 2018 में ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान परमाणु समझौते से हटने और फिर से प्रतिबंध लगाने के बाद से ही ईरान की अर्थव्यवस्था गहरे संकट में है.